भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जनपद सदस्य स्व. खिलान सिंह ‘नेताजी’ को नम आंखों से दी अंतिम विदाई

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
तेंदूखेड़ा। दमोह जिले के जनपद तेदुखेडा के अंतर्गत आनेवाले ग्राम पुरा में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पूर्व जनपद सदस्य स्वर्गीय खिलान सिंह ‘नेताजी’ के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। शनिवार को उनके अंतिम संस्कार में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं सहित क्षेत्र के हजारों लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
स्व. खिलान सिंह ‘नेताजी’ 74 वर्ष के थे। वे लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनसेवा में जुटे रहे। भारतीय जनसंघ के समय से ही राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े रहे खिलान सिंह ‘नेताजी’ ने संगठन के प्रति आजीवन समर्पण भाव से कार्य किया। भारतीय जनता पार्टी में उनकी पहचान एक वरिष्ठ, कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में रही।
अपने राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने के साथ क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। वे पूर्व में जनपद सदस्य के रूप में भी जनप्रतिनिधित्व कर चुके थे। सहज, सरल और मिलनसार व्यक्तित्व के चलते वे क्षेत्रवासियों के बीच खासे लोकप्रिय रहे। उनके निधन को भाजपा संगठन एवं क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।
ग्राम पुरा में आयोजित अंतिम संस्कार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, पूर्व विधायक प्रताप सिंह तथा पूर्व मंत्री दशरथ सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने स्व. खिलान सिंह ‘नेताजी’ की पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अंतिम यात्रा में हजारों लोगों ने शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी। जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी अर्थी को कंधा दिया। ग्राम पुरा में निकली अंतिम यात्रा के दौरान माहौल गमगीन रहा और हर आंख नम दिखाई दी।



