मध्य प्रदेश

रक्षाबंधन पर उमरियापान में दिखा भाई बहन के स्नेह का रंग, कजलियां पर्व में निभाई पुरानी परंपरा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन उमरियापान क्षेत्र में शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुखी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति स्नेह जताया और जीवनभर उनकी रक्षा का संकल्प लिया।
रक्षाबंधन पर घर-घर पूजा-अर्चना और आरती के बाद बहनों ने भाइयों को राखी बांधी। इसके बाद मिठाई खिलाकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कई परिवारों में दूर रहने वाले भाई-बहन भी पर्व मनाने के लिए एक-दूसरे के घर पहुंचे।
पर्व को लेकर उमरियापान के बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल रही। राखी, मिठाई और उपहार की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। बाजार में राखियों की विभिन्न डिजाइन और उपहार सामग्री लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
कजलियां पर्व में भी दिखी आपसी भाईचारे की भावना
रक्षाबंधन के अगले दिन शनिवार को क्षेत्र में कजलियां पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया। लोगों ने पुरानी परंपरा के अनुसार एक-दूसरे को कजलियां भेंट कीं और आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया। युवाओं के साथ बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक इस परंपरा में भाग लिया।
लोगों ने कजलियां देकर बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और परिवार व समाज में सुख-शांति की कामना की। ग्रामीण अंचलों में आज भी इस तरह की पारंपरिक रस्में सामाजिक एकता और आपसी संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

Related Articles

Back to top button