हिमालय की पहाड़ी में जमकर हो रही बर्फबारी, अभी कुछ दिन मामूली गिरावट : लेकिन 25 के बाद तेजी से लुढ़केगा दिन-रात का पारा
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । हिमालय की पहाड़ियों में जमकर हो रही बर्फबारी का असर अंचल में दिखाई दे रहा है। दूसरे दिन फिर दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज हुई। ऐसे में रविवार और सोमवार को अधिकतम तापमान 27.5 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का मानना है कि उत्तर-पूर्वी हवा के कारण तापमान में गिरावट हो रही है।
हालांकि सुबह के वक्त रविवार सोमवार को आसमान पर हल्के बादल भी छाए रहे इसलिए अभी कुछ दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी। लेकिन आगामी 25 दिसंबर के बाद फिर तेजी से तापमान लुढ़केगा। सुबह से ही हवा का रुख उत्तर-पूर्व रहा। इसके कारण हल्के बादल छाए हुए हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि अभी एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है। इसके कारण अगले दो-तीन दिन इसी तरह ठंड बनी रहेगी। इसके साथ ही ईरान के ऊपर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस बना हुआ है।
मौसम में उतार चढ़ाव जारी….
ऐसे में कुछ दिन तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव का दौर रहेगा। हालांकि 25 नवंबर से प्रदेश भर में न्यूनतम तापमान तेजी से गिरेंगे। दिसंबर के पहले सप्ताह से तेज ठंड की शुरुआत हो सकती है। हम आपको यह बता दें कि एक दिन पहले अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान लुढ़ककर 25.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा।सोमवार को अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा।जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस आंका गया।



