आसानी से खप जाए इसलिए घर पर छाप रहा था 200 के नकली नोट

सिरोंज में नकली नोट छापने का मामलाः न्यायालय ने आरोपी को भेजा जेल
रिपोर्टर : बलवीर सिंह रघुवंशी
विदिशा । सिरोंज में नकली नोट चलाने के मामले में पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी भूपेंद्र सिंह धाकड़ को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उसे जेल भेजने में जल्दबाजी दिखाई। यदि उससे पूछताछ की जाती तो शायद नकली नोटों के कारोबार का और खुलासा हो सकता था। हालांकि पुलिस का दावा है कि उससे पूछताछ पूरी हो चुकी थी।
मोहब्बतपुर निवासी भूरा उर्फ भूपेंद्र सिंह धाकड़ 13 अक्टूबर 2023 को एक वर्ष के लिए जिला बदर किया गया था। वह चोरी छिपे घर आया करता था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने बताया है कि अपना खर्च चलाने कलर प्रिंटर से 200 के नोट की फोटोकॉपी की थी, लेकिन शुरुआत में ही बाजार में असली के साथ नकली नोट चलाने की कोशिश में पकड़ा गया। 500 के नोट पर लोगों का ध्यान ज्यादा रहता है और पकड़े जाने की आशंका ज्यादा रहती है। वहीं 200 के नोट पर कोई ज्यादा ध्यान नहीं देता है। ये आसानी से बाजार में खप सकते थे इसलिए वह इन्हें तैयार कर रहा था।
इस मामले में पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि वह अपना खर्च चलाने के लिए नोट छाप रहा था। जानकारों का कहना है कि इस मामले में गहन पड़ताल की जरूरत है। आरोपी नकली नोट चलाने वाले किसी बड़े रैकेट का भी हिस्सा हो सकता है। इससे पहले भी अन्य स्थानों पर इस तरह के जो भी मामले सामने आए हैं उनमें आरोपियों का कनेक्शन किसी बड़े गिरोह से होने के मामले सामने आए हैं।
मुरवास पुलिस के अनुसार भूपेंद्र सिंह पर लड़ाई झगड़े, छेड़छाड़, हथियार लेकर दहशत फैलाने, लूट, हत्या सहित चोरी के कुल 10 मामले दर्ज हैं। इनमें से हत्या और ट्रैक्टर चोरी का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस के मुताबिक भूरा 12 फरवरी 2023 को ट्रैक्टर चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें वह दो महीने लटेरी जेल में रहा था। इस मामले वह हाईकोर्ट से जमानत पर जेल से बाहर आया था। 13 अक्टूबर 2023 को उसे एक वर्ष के लिए जिला बदर किया गया था। पिछले महीने च फरवरी में वह हत्या के केस में पेशी पर सिरोंज आया था। उसके घर जाकर तलाशी ली गई थी, लेकिन वह नहीं मिला था।
आरोपी के घर से एचपी कंपनी का प्रिंटर, 112 सफेद पेज जिनमें 28 पेजों पर दोनों तरफ 200 के नोट छपे हुए थे तथा 84 पेजों पर एक तरफ 200 के नोट छपे एवं 4 आधे कटे 200 हुए पेज जिन पर एक तरफ के नोट छपे थे। 6 बोतल प्रिंटर की इंक, एक कटर, एक कैंची, तीन स्केल की जब्ती की गई थी।
इस संबंध में उमेश तिवारी, एसडीओपी, सिरोंज का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने कलर प्रिंटर से 200 के नोट की फोटोकॉपी की थी। जिन्हें सिरोंज के बाजार में असली नोटों तरह चलाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पकड़ा गया। आरोपी से कलर प्रिंटर, कागज, स्याही और 200 के 95 नकली नोट जब्त किए गए हैं, न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया गया।



