मध्य प्रदेशराजनीतिहेल्थ

उमरियापान मे 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन को मिली प्रशासकीय स्वीकृति

11 करोड़ 27 लाख 92 हजार रुपये की लागत से होगा निर्माण, विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के प्रयासों से क्षेत्रवासियों में खुशी
रिपोर्टर :सतीश चौरसिया
उमरियापान।  क्षेत्रवासियों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित स्वास्थ्य सुविधा के विस्तार की दिशा में बड़ी सौगात सामने आई है ।  मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने कटनी जिले के उमरियापान में नवीन 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन के निर्माण कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है ।  शासन द्वारा भवन निर्माण के लिए 1127.92 लाख रुपये यानी लगभग 11 करोड़ 27 लाख 92 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है । प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद अब उमरियापान में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है ।
शासन द्वारा 13 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उमरियापान में नवीन 30 बिस्तरीय अस्पताल भवन का निर्माण किया जाएगा ।  इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए 02 एफ, 02 जी एवं 02 एच टाइप आवासगृहों का भी निर्माण प्रस्तावित है । अस्पताल भवन एवं आवासगृहों के निर्माण से स्वास्थ्य सेवाओं को आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध होने की उम्मीद है ।
*आसपास के ग्रामीणों को भी मिलेगा लाभ*
उमरियापान क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण आबादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर निर्भर रहती है ।  लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा अस्पताल में बेहतर सुविधाओं, पर्याप्त बिस्तरों एवं आवश्यक संसाधनों के विस्तार की मांग की जा रही थी ।  नवीन 30 बिस्तरीय भवन बनने के बाद उमरियापान के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी उपचार की बेहतर सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है ।
नए भवन के निर्माण से मरीजों को अधिक व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी ।  साथ ही अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए भी सुविधाओं में विस्तार होगा ।  स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के लिए आवासगृह बनने से अस्पताल में पदस्थ अमले को आवासीय सुविधा मिल सकेगी ।
*विधायक के प्रयासों को बताया महत्वपूर्ण*
नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों ने बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के प्रयासों की सराहना की ।  क्षेत्रवासियों का कहना है कि उमरियापान में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी ।  ऐसे में करोड़ों रुपये की लागत से नवीन 30 बिस्तरीय अस्पताल भवन की स्वीकृति क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है ।
वहीं उमरियापान मंडल अध्यक्ष आशीष सहित क्षेत्रवासियों ने विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है ।  क्षेत्रवासियों ने कहा कि नवीन अस्पताल भवन बनने से उमरियापान सहित आसपास के गांवों के लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों पर निर्भरता कम होगी और स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी ।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद
प्रशासकीय स्वीकृति के बाद अब क्षेत्रवासियों की निगाहें अस्पताल भवन के निर्माण कार्य की आगामी प्रक्रिया पर टिकी हैं ।  लोगों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द शुरू होगा और समय-सीमा में पूरा होने के बाद उन्हें नवीन भवन में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा ।
क्षेत्रवासियों ने शासन द्वारा स्वीकृत इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य विभाग एवं विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उमरियापान में 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का निर्माण क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने वाला कदम साबित होगा ।

Related Articles

Back to top button