जागरूकता समिति ने मनाया होली मिलन, रंगपंचमी पर दिया प्रेम-सौहार्द का संदेश

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । सिलौड़ी में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जागरूकता समिति द्वारा श्रीराम स्टेडियम में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिलौंडी सरपंच पंचो बर्मन एवं उपसरपंच राहुल राय शामिल हुए । अतिथियों ने उपस्थित सदस्यों को गुलाल का तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और समिति के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
जागरूकता समिति में गांव की सेवा में सक्रिय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और पंचायत कर्मी शामिल हैं, जो समाज सेवा के कार्यों में निरंतर योगदान दे रहे हैं । इस अवसर पर अतिथियों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं तथा पंचायत कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की।
समिति के संयोजक अमरीश राय ने बताया कि समिति गांव में जनसेवा और सामाजिक जागरूकता के कार्यों के लिए लगातार प्रयासरत है । वहीं उपसरपंच राहुल राय ने कहा कि रंगपंचमी का पर्व हमें यह संदेश देता है कि जैसे रंग जीवन को सुंदर बनाते हैं, वैसे ही प्रेम, सौहार्द और एकता हमारे रिश्तों को मधुर बनाते हैं । रंग केवल बाहरी सुंदरता ही नहीं बढ़ाते बल्कि हमारे भीतर सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करते हैं ।
कार्यक्रम के दौरान सचिव देवराज धनगर, समिति के सदस्य धीरज जैन, मीना महोबिया, सावित्री नामदेव, विनीता राय, रीना राय, अरुण राय, साक्षी, बैजू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



