प्रभु की भक्ति के बिना हमारा जीवन निरर्थक, मानव जीवन अत्यंत अमूल्य इसे व्यर्थ ना गवाएं : ब्रम्हचारी जी महाराज
नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की कृष्ण जन्म पर जमकर झूमे भक्त
सिलवानी । जीवन में प्रभु भक्ति का विशेष महत्व है। प्रभु की भक्ति के बिना हमारा जीवन उसी तरह से निरर्थक हैं, जिस तरह से बिना फल-फूल के शुष्क वृक्ष है। जो व्यक्ति भगवान के सहारे रहते हैं, उन्हें जीवन में कोई भी कष्ट नहीं मिलता। उनके कष्टों को दूर करने के लिए प्रभु सदैव तत्पर रहते हैं।
उक्त उदगार सिलवानी में चल रही श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चतुर्थ दिवस रविवार को कथावाचक ब्रम्हचारी जी महाराज बपोलीधाम ने व्यक्त किए। उन्होंने समुद्र मंथन, वामन अवतार, श्रीराम कथा, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की कथा का विस्तार से वर्णन किया। कथावाचक ने कहा कि हम अपने जीवन में यदि नम्रता अपनाएं तो हमारे मोह का नाश स्वयं हो जाएगा और प्रभु के दर्शन और कृपा दोनों की प्राप्ति होगी। ब्रम्हचारी जी ने भगवान विष्णु के वामन अवतार की कथा सुनाते हुए कहा कि दैत्यों का राजा बलि बड़ा पराक्रमी राजा था। उसने तीनों लोकों पर अपना आधिपत्य स्थापित कर लिया। उसकी शक्ति से घबराकर सभी देवता भगवान वामन के पास पहुंचे तब भगवान विष्णु ने अदिति और कश्यप के यहां जन्म लिया। एक समय वामन रूप में विराजमान भगवान विष्णु राजा बली के यहां पहुंचे, उस समय राजा बली यज्ञ कर रहे थे। बली से उन्होंने दान मांगा। बलि ने कहा ले लीजिए। वामन ने कहा मुझे तीन पग धरती चाहिए। दैत्य गुरु भगवान की महिमा जान गए। उन्होंने बली को दान का संकल्प लेने से मना कर दिया। लेकिन बली ने कहा यदि ये भगवान हैं तो भी मैं इन्हें खाली हाथ नहीं जाने दे सकता। भगवान वामन ने अपने विराट स्वरूप से एक पग में बलि का राज्य नाप लिया, एक पैर से स्वर्ग का राज नाप लिया। बली के पास कुछ भी नहीं बचा। तब भगवान ने कहा तीसरा पग कहां रखूं। बली ने कहा मेरे मस्तक पर रख दीजिए। जैसे ही भगवान ने उसके ऊपर पग धरा राजा बली पाताल में चले गए। भगवान ने बली को पाताल का राजा बना दिया। कथा व्यास ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की कथा सुनाते हुए कहा कि जब धरती पर चारों ओर अन्याय व अत्याचार बढ़ता है, तब धरती पर भगवान का अवतरण होता है, जो समाज को एक नई दिशा व दशा प्रदान करते हैं। कथा के दौरान श्री कृष्ण के जन्म उत्सव पर जमकर झूमे श्रद्धालु।
कथा का श्रवण करने सिलवानी विधायक ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत, सिलवानी मंडल अध्यक्ष विजय शुक्ला, दीपक रघुवंशी , नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विभोर जैन, मुकेश राय भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश सदस्य, श्याम साहू अध्यक्ष जनभागीदारी समिति एवं बड़े संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहकर श्रीमद् भागवत कथा का रसपान किया।



