कटीले तारों में फंसा मिला तेंदुआ, रेस्क्यू के दौरान फंदे छूटकर गांव मे घुसा

वन परिक्षेत्र कुंडम के ग्राम बिछुआ की घटना
ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
जबलपुर । जबलपुर जिले के वन परिक्षेत्र ग्राम पंचायत बिछूआ मुख्य मार्ग में शनिवार को सुबह एक तेंदुए कटीले तारों में फंसा हुआ देखा गया। इस प्रकार से फंदे में तेंदुए के फंसे होने की सूचना मिलते ही पूरे वन विभाग में हडकंप मच गया। घटना की जानकारी जैसे ही जबलपुर वन मंडल अधिकारी ऋषि मिश्रा को लगी वे खुद मौके पर जा पहुंचे। जिसके बाद रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। फंदे में बुरी तरह फंसे तेंदुए को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू विशेषज्ञों के साथ ही वेटरनरी चिकित्सकों की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया।
मीडिया को जानकारी देते हुए वन मंडल अधिकारी ऋषि मिश्रा ने बताया कि सुबह ग्रामीणों को तेंदुए के गुर्रहट की आवाजें सुनाई दे रही थीं। आवाज बार बार आने पर ग्रामीणों ने नजदीक जाकर देखा तो बिछुआ स्थित एक निजी स्टोन क्रेशर की फेंसिंग समीप मुख्य मार्ग पर तेंदुआ तारों में फसा हुआ था। तत्काल ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग के स्थानीय अमले को दी। इसकी जानकारी मिलते ही अमला मौके पर तत्काल पहुंच गया। तेंदुए के पैर में तार कसा हुआ होने के चलते वह निकाल नहीं पा रहा था।
ट्रेंकुलाइजर करने की थी तैयारी
चिकित्सकों का कहना था कि अगर तेंदुए को बिना अचेत किए रेस्क्यू के प्रयास किए गए तो वह घातक साबित होंगे। क्योंकि तेंदुआ भीड़ देखकर आक्रामक हो रहा था। ऐसे हालात में तार उसके पैर की चमड़ी का काट देगे। लिहाजा मौके पर ट्रेंकुलाइजर करने के लिए विशेषज्ञों को बुलाया गया। लेकिन जैसे ही ट्रेंकुलाइजर से दवा दागी गई, तेंदुआ अचानक फंदे से छूट गया और गांव की ओर भाग गया।
पहली प्राथमिकता रेस्क्यू – वन विभाग मंडल अधिकारी का कहना था कि हमारी पहली प्रथामिकता तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू है। उसके बाद इस बात की जांच की जाएंगी, तेंदुआ शिकारी के फंदे में फंसा था या फिर फेंसिंग के तारों में।
ग्रामीणों की लगी भीड़ –
तेंदुए के रेस्क्यू के दौरान काफी बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए थे, वहीं भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस बल को तैनात करना पड़ा। वहीं भीड़ के कारण रेस्क्यू टीम को भी ऑपरेशन को अंजाम देने में काफी मश्क्त करनी पड़ रही है।



