क्राइममध्य प्रदेश

कुआं में मिली महिला की लाश, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सिलवानी। रविवार को सिलवानी थाना क्षेत्र के ग्राम रानीपुरा में खेत में बने कुएं में महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सिलवानी भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार आरती आदिवासी (28), पिता प्रीतम आदिवासी ने करीब दो वर्ष पूर्व प्रदीप रघुवंशी (30), निवासी भानपुर, हाल निवासी बेगवा खुर्द सिलवानी से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद आरती अपने पति के साथ पिता के घर ग्राम रानीपुरा में रह रही थी। दंपती की छह माह की बच्ची भी है।
परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार सुबह भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों खेत में काम करने चले गए। कुछ देर बाद आरती की छोटी बहन खेत पहुंची तो उसने आरती को कुएं में पड़ा देखा। इसके बाद उसने शोर मचाकर परिजनों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने आरती के पति प्रदीप रघुवंशी पर हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई है।
सिलवानी थाना प्रभारी संजीत परते ने बताया कि ग्राम रानीपुरा में प्रीतम आदिवासी के खेत स्थित कुएं से महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया गया है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

Related Articles

Back to top button