मध्य प्रदेश

जनहितैषी योजनाओं में प्रगति लाने बेहतर कार्य योजना तैयार कर करें आवश्यक क्रियान्वयन : सीईओ सिंह

मतदान केंद्रों में तमाम आवश्यक व्यवस्थाएं करें दुरुस्त
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान ।  शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं में वांछित प्रगति लाने हेतु बेहतर कार्य योजना तैयार कर ग्राम पंचायतों में क्रियान्वित किया जाना सुनिश्चित करें। विधानसभा निर्वाचन 2023 के मद्देनजर मतदान केंद्रों में तमाम आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करते हुए मताधिकार का अधिक से अधिक प्रयोग करने हेतु ग्रामीणों को प्रेरित करें। इस आशय के निर्देश जनपद पंचायत कटनी के नवागत सीईओ प्रदीप सिंह ने शनिवार को द्वारका भवन में आयोजित जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक में ग्राम पंचायत के सचिव,रोजगार सहायकों, उपयंत्री, पीसीओ, एडीईओ और कार्यालय अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए। इसके पूर्व सीईओ प्रदीप सिंह ने ग्राम पंचायतवार मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन, पेंशन ईकेवाईसी, सीएम हेल्पलाइन एवं  स्वीकृत प्रगतिरत  निर्माण एवम विकास कार्यों की समीक्षा कर जानकारी ली।  उल्लेखनीय है कि प्रदीप सिंह ने हाल में ही स्थानांतरित होकर जिले में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है ।
*नशा मुक्ति की दिलाई शपथ*
समीक्षा बैठक के दौरान सीईओ प्रदीप सिंह ने उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों को मद्य निषेध सप्ताह के दौरान नशा मुक्ति की शपथ दिलाई ।
*ग्राम पंचायत कार्यालय नियमित रूप से खोलें और रखें स्वच्छ*
सीईओ ने निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत को सर्व सुविधायुक्त रखते हुए नियमित रूप से खोला जाए ताकि ग्रामीणों को अपना कार्य करने हेतु भटकना न पड़े तथा कार्यालय को स्वच्छ रखने के साथ-साथ ग्राम पंचायत क्षेत्र में भी साफ सफाई की चाक चौबंद व्यवस्थाएं की जाए।
समीक्षा बैठक में प्रदीप सिंह ने उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करने के उपरांत निर्देश देते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा दिए गए निर्वाचन संबंधी दायित्व एवं निर्देशों का पालन समयसीमा में सुनिश्चित किया जाए। जनपद के सीईओ प्रदीप सिंह ने कहा कि शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने हेतु यथा संभव प्रयास किए जाएं। प्रगतिरत अपूर्ण और निर्माणधीन निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराए। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्ट पूर्ण निराकरण आवेदनों से संवाद स्थापित करते हुए कराया जाए। इस दौरान प्रभारी खंड पंचायत अधिकारी आरके तिवारी, सहायक यंत्री संजीव mकुमार, स्वच्छ भारत मिशन के बीसी जग्गी पटेल, बलराम दाहिया, सामाजिक सुरक्षा विस्तार अधिकारी प्रीति श्रीवास्तव, एपीओ मनरेगा वर्षा जैन एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी रही ।

Related Articles

Back to top button