क्राइम

धनकुबेर निकला विद्युत विभाग का सहायक यंत्री, ईओडब्ल्यू की रेड : 4 आलीशान मकान, 14 प्लाट, समेत करोड़ों की संपत्ति उजागर

दो कंपनियों, फैक्ट्री में निवेश के साथ 330 ग्राम सोने, 3 किलो चांदी के जेवर भी मिले
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान ।
आय से अधिक संपत्ति करने के मामले में म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं. लिमिटेड के सहायक यंत्री दयाशंकर प्रजापति के बालाघाट स्थित निवास स्थान प्रेम नगर में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्लयू) ने शुक्रवार को रेड मार दी। सर्चिंग कार्रवाई के दौरान 4 आलीशन मकान, 14 प्लाट, दो कंपनियों एवं फैक्ट्री में निवेश के दस्तावेज समेत करोड़ोंं की संपत्ति उजागर हुई। इसके अलावा 330 ग्राम सोने, 3 किलो 300 ग्राम चांदी के जेवर भी मिले है। ईओडब्ल्यू अब सर्च कार्रवाई में मिले दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के द्वारा अर्जित संपत्ति एवं व्यय का आलकन करने में जुट गई है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
अर्जित संपत्ति आय की तुलना में 280 प्रतिशत
ईओडब्ल्यू एसपी देवेन्द्र प्रताप सिंह राजपूत के मुताबिक आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ को प्राप्त शिकायत की जाँच उप निरीक्षक श्रीमति कीर्ति शुक्ला से कराई गई। जाँच में आये साक्ष्यों के आधार पर पाया गया कि दयाशंकर प्रजापति द्वारा अपनी सेवा अवधि के दौरान आय के वैधानिक स्त्रोत से प्राप्त आय की तुलना में 280 प्रतिशत व्यय एवं संपत्ति अर्जित करना पाया गया। प्रथम दृष्टया आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य पाये जाने से आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। प्रकरण की विवेचना उपुअ मनजीत सिंह द्वारा की जा रही है।
सुबह से देर शाम तक चली कार्रवाई
शुक्रवार को ईओडब्ल्यू ने न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर आरोपी के बालाघाट स्थित निवास स्थान प्रेम नगर में सर्च कार्रवाई की। कार्रवाई सुबह से देर शाम तक चली। सर्च कार्यवाही में उपुअ मनजीत सिंह, निरीक्षक श्रीमति लक्ष्मी यादव, निरीक्षक श्रीमति छविकांति आर्मो, निरीक्षक सुश्री शशिकला मस्कुले, निरीक्षक मोमेन्द्र मर्सकोले, उप निरीक्षक श्रीमति कीर्ति शुक्ला एवं अन्य सदस्य शामिल रहे।
अब तक यह मिला
अब तक की कार्रवाई में सेंट मेरी स्कूल के पास बालाघाट में निर्मित 4 आलीशान मकान जिनके कारपेट एरिया 2880 वर्गफुट 3360 वर्गफुट 2560 वर्गफुट 2560 वर्गफुट हैं। वार्ड नं.- 22 बालाघाट में निर्मित 2 मकान जिनके कारपेट एरिया 2100 2100 वर्गफुट हैं। इसके अलावा ग्राम बूढ़ी, जिला बालाघाट में 5 प्लॉट, मौजा गर्रा में 1 प्लॉट, ग्राम गायखुर्डी में 1 प्लॉट मौजा बालाघाट में 5 प्लॉट, मारूति सुजुकी कार क्रमांक एमपी-50सी 1763, दो बाइकें समेत दो कंपनी बनाकर निवेश संबंधी दस्तावेज, ऐश ब्रिक की फैक्ट्री निर्माण में निवेश एवं सिंगरौली में तीन भूखंड के दस्तावेज एवं 330 ग्राम सोने एवं 3 किलो 300 ग्राम चांदी के जेवर मिले है।

Related Articles

Back to top button