कलेक्टर, एसपी द्वारा जिला अस्पताल पहुंचकर घायल डिप्टी रेंजर के स्वास्थ्य की ली गई जानकारी

रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
रायसेन । कलेक्टर अरविंद दुबे ने जिला अस्पताल पहुंचकर अवैध खनिज उत्खननकर्ताओं के हमले में घायल डिप्टी रेंजर लालसिंह पूर्वी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल तथा डीएफओ विजय कुमार भी मौजूद रहे। कलेक्टर अरविन्द दुबे ने सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री तथा सिविल सर्जन अनिल ओढ से डिप्टी रेंजर लाल सिंह पूर्वी को आई चोटों तथा स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। साथ ही सिटी स्कैन सहित अन्य रिपोर्ट भी देखीं। कलेक्टर अरविन्द दुबे के निर्देश पर डिप्टी रेंजर श्री लाल सिंह पूर्वी को एम्स भोपाल रेफर किया गया है। उल्लेखनीय है कि रायसेन तहसील के ग्राम हकीमखेड़ी में अवैध उत्खनन रोकने गए डिप्टी रेंजर लालसिंह पूर्वी तथा उनकी टीम पर अवैध उत्खननकर्ताओं द्वारा धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें डिप्टी रेंजर लालसिंह पूर्वी गंभीर रूप से घायल हो गए।



