पेट्रोल पंप मैनेजर की सक्रियता से वाहन चोर पकड़ाया
सिलवानी । गुरूवार को राजमार्ग 44 गैरतगंज गाडरवारा पर ग्राम चंदनपिपलिया स्थित मारूति डीजल्स (पेट्रोल पंप) के प्रबंधक की सक्रियता से गाड़ी चोर पकड़ने में सफलता हासिल हुई।
जानकारी के अनुसार उदयपुरा नगर के हरनामसिंह राजपूत की टीवीएस एक्सएल 100 मोपेड वाहन को चार पांच दिन पहले अज्ञात चोर चोरी कर ले गया था। हरनामसिंह राजपूत ने इसकी रिपोर्ट उदयपुरा थाने में की। और मोपेड में कम पेटोल होने से उनकी संदेह हुआ कि चोर अवश्य किसी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने गया होगा। इसी संदेह के चलते वह स्वयं आसपास के पेट्रोल पंपों पर जाकर उनके सीसीटीवी फुटेज देखे । जिस पर वह मारूति डीजल्स पंप पर आये और सीसीटीवी कैमरे में उनकी मोपेड की पहचान की गई। जिस पर उन्होनें पंप के मैनेजर रमेश कुशवाहा को उक्त मोपेड और चोर पर नजर रखने की बात कही। गुरूवार शाम को करीब 4 बजे उक्त मोपेड़ वाहन को पेटोल पंप पर पेट्रोल डलवाने आया जिस पर प्रबंधक ने तत्काल ही उसे पकड़कर पुलिस और वाहन मालिक को सूचना दी। चोर ने अपना नाम वीरसिंह ठाकुर पिता बलवीरसिंह ठाकुर उम्र 20 साल बताई। जिसे उदयपुरा थाने की पुलिस को हवाले किया गया। इस तरह पेट्रोल पंप के मैनेजर की सक्रियता और सजगता से वाहन चोर पुलिस के हत्थे चढ़ गया।



