आज से 7 दिन बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री करेंगे कथा
जिला और पुलिस प्रशासन ने की तैयारियां और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ डेढ़ हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया
ब्यूरो चीफ : सतीश चौरसिया
जबलपुर । पनागर में 25 मार्च से 31 मार्च तक बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज का दरबार लगेगा। पनागर में 7 दिन चलने वाली श्रीमद्भागवत कथा सुनने के लिए देश के कई राज्यों से 10 लाख लोगों के आने की उम्मीद है। इतनी बड़ी संख्या में आ रहे इन लोगों के रुकने और खाने – पीने की व्यवस्था भी आयोजकों ने कर रखी है।
तीन विशाल डोम लगाए गए*
28 एकड़ में फैले मैदान में तीन विशाल डोम लगाए गए हैं, जहां एक साथ लाखों लोगों के बैठने की व्यवस्था है। कथा स्थल पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। 2 हजार वॉलंटियर्स तैनात किए गए हैं, इसके अलावा कार्यक्रम स्थल और आसपास की निगरानी के लिए 2 हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कथा सुनने और देखने के लिए तीनों ही डोम में 60 से ज्यादा बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। इस कार्यक्रम के आयोजक पनागर विधानसभा से भाजपा विधायक सुशील इंदू तिवारी हैं।
800 x100 मीटर के तीन डोम बनाए हैं। छह रो बनाई गई है। हर रो में महिलाओं और पुरुषों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। सभी छह रो में वॉलंटियर्स मौजूद रहेंगे। कथा रोजाना शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक होगी।
प्रदेश एवं अन्य राज्य सरकार के कई मंत्री कथा का रसपान करेंगे*
सीएम शिवराज सिंह चौहान सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री भी आ सकते हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के मंत्रियों के आने की भी संभावना है।
28 मार्च को महाराज के द्वारा भक्तों को भभूति वितरण किया जाएगा।
27 मार्च को दिव्य दरबार रखा गया है। 28 मार्च को बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज के द्वारा भक्तों को भभूति वितरण किया जाएगा।
17 एकड़ में भोजन शाला बनाई गई
देश के कई राज्यों से आने वाले लाखों भक्तों के लिए 17 एकड़ में भोजन शाला बनाई गई है, जिसमें की एक बार में 25000 लोग एक साथ खाना खा सकते हैं। भोजन रोजाना सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3.30 बजे तक होगा।
जिला और पुलिस प्रशासन ने की तैयारियां और डेढ़ हजार पुलिस कर्मियों को तैनात किया
कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने एक दिन पूर्व श्रीमद भागवत कथा आयोजन स्थल का निरीक्षण किया । और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया तथा इस सबन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया था शुक्रवार की रात जबलपुर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेनडे सहित कई पुलिस अधिकारी कथा स्थल पहुंचे जहां उन्होंने पूरे कार्यक्रम स्थल और आसपास के पार्किंग स्थल और ट्रैफिक डायवर्ट का जायजा लिया। जबलपुर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि कथा स्थल पर तकरीबन डेढ़ हजार पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है, इसके अलावा 50 से अधिक पुलिस अधिकारी पूरे कार्यक्रम में नजर बनाए रखेंगे। पुलिस विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है।
25 मार्च से 31 मार्च तक पनागर में हो वाली श्रीमद् भागवत कथा को लेकर पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट किया है। जबलपुर से सिहोरा जाने वाली सभी बड़ी गाड़ियों को महाराजपुर से बाईपास होते हुए कटनी रोड तरफ भेजा जाएगा। तो वही सिहोरा से जबलपुर तरफ आने वाले भारी वाहन एवं बसों को बाईपास रोड से निकाला जाएगा। भारी वाहनों को आगामी 31 मार्च तक महाराजपुर से लेकर कुशनेर रोड पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। आयोजक मंडल ने कथा स्थल के आसपास 16 स्थानों में टू-व्हीलर और कारों के लिए पार्किंग की व्यवस्था कर रखी है।
24 घंटे डॉक्टरों की तैनाती रहेगें
श्रीमद् भागवत कथा सुनने के दौरान अगर किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ती है तो इनके लिए कथा स्थल के पास 100 से अधिक डॉक्टर तैनात किए गए हैं जो कि 24 घंटे अपनी ड्यूटी देंगे। इसके अलावा प्राइवेट अस्पतालों के डॉक्टर और अस्थाई अस्पताल कैंप भी कथा स्थल के पास बनाए गए हैं। जबलपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय मिश्रा के मुताबिक पनागर स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे डॉक्टरों की तैनाती होगी, इसके अलावा डॉक्टरों के लिए कथा स्थल के पास कैंप बनाया गया हैं, जहां पर कि किसी भी व्यक्ति की अगर तबियत बिगड़ती है तो उसका इलाज किया जाएगा।
कथा स्थल पर हजारों लोगों को आना है इसके लिए आयोजकों ने कथा स्थल के पास अस्थाई रूप से मोबाइल टावर भी खड़े किए हैं, जिससे कि किसी भी तरह से नेटवर्क की समस्या ना होने पाए। इसके अलावा कथा स्थल के पास में फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और 108 भी तैनात की गई है।



