बहन की सुसराल आए भाई ने खेत में लगाई फांसी, कारण अज्ञात

बहन का फोन नहीं उठाने पर घटना का पता चला
रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
सुल्तानपुर । नगर की कुंडा वाली नदी के पास हरिनारायण गौर के खेत पर शैलेंद्र पटेल पुत्र कैलाश पटेल 20 साल निवासी मगरपूंछ ने फांसी लगा ली। यह युवक अपने जीजा के यहां तीन दिन पहले आया था और जीजा के खेत पर पानी लगा रहा था। युवक ने फांसी क्यों लगाई, अभी यह अज्ञात है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है।
मृत युवक के जीजा हरिनारायण गौर ने बताया कि उसका साला शैलेंद्र पटेल उसके यहां आया था, जो तीन दिन से खेती किसानी के कार्य में सहयोग कर रहा था। दोपहर में वह घर से भोजन करके खेत पर गया था। दोपहर में मेरी पत्नी ने अपने भाई शैलेंद्र पटेल को मोबाइल लगाया, लेकिन उसने रिसीव नहीं किया। हम समझे कि वह खेत पर काम कर रहा होगा। जब थोड़ी देर फिर से फोन ‘लगाया तो उसने फिर नहीं उठाया। ऐसी स्थिति में पड़ोसी किसान से बात की तो उसने बताया कि शैलेंद्र पटेल खेत पर काम करते तो दिखा था, लेकिन वह इस समय घर लौट आया है। मोबाइल नहीं उठाने पर वह खेत पर पहुंचा तो शैलेंद्र पटेल खोह के पेड़ पर फांसी पर लटका मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और पोस्टमार्टम के लिए शव अस्पताल पहुंचाया। फांसी लगाने के कारणों की जांच की जा रही है।



