मध्य प्रदेश

बाजार पर महंगाई डायन का असर : दो महीने में सौंदर्य प्रसाधनों के दामों में 15 से 20 फीसदी का इजाफा

रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। सौंदर्य प्रसाधन पर महिलाओं एवं युवतियों को महंगाई की मार झेलना पड़ रही है। पहले की अपेक्षा लगभग हर उत्पाद पर 20 से 25 रुपए का इजाफा इस समय देखने को मिल रहा है। सबसे ज्यादा महंगे ब्रांडेड कंपनियों के उत्पादों में 15 से 20 फीसदी का इजाफा इस समय देखने को मिल रहा है।
सौंदर्य प्रसाधन के दामों में लगातार हो रही महंगाई के कारणों को स्थानीय व्यापारी नहीं बता पा रहे हैं। किराना व्यापारी लोकनाथ साहू, गिफ्ट आयटम के विक्रेता बंटी चक्रवर्ती मुजीब खान ने बताया कि सौंदर्य प्रसाधन से जुड़ी हर सामग्री महंगी हो रही है। सीधे-सीधे 20 से 25 रुपए का इजाफा सौंदर्य प्रसाधनों में और 40 से 50 रुपए का इजाफा खाद्य प्रोडक्ट में हुआ है।
व्यापारियों के अनुसार नामी ब्रांड के साबुन, कपड़ा धोने का सोडा और फेसवाॅश के दामों की हर नई पैकिंग में दाम बढ़कर आ रहे हैं। एक नामी कंपनी का शैंपू जो 120 रुपए का एक महीने पहले आ रहा था, वह इन दिनों 140 रुपए का बिक रहा है। वहीं एक कंपनी के 5 पीस 100-100 ग्राम साबुन के जो 90 रुपए के बिक रहे थे, इस समय 150 रुपए में मिल रहे हैं।
किराना व्यापारी गौरीशंकर रॉय, नीलेश राय के अनुसार सबसे अधिक दाम नामी कंपनी के प्रोडक्ट पर बढ़ रहे हैं। छोटे पैक पर चार एवं मध्यम पैक पर आठ रुपए की बढ़ोत्तरी हुई है। उन्होंने कहा कि मध्यम पैक में 85 रुपए में मिलने वाला पाउडर 110 रुपए और 1 किग्रा का पैक जो 190 रुपए में आ रहा था उसके दाम बढ़कर 225 रुपए तक पहुंच गए हैं।

Related Articles

Back to top button