बेहोशी की दवा खिलाकर नाबालिग से दुष्कर्म, पड़ोस में रहने वाले आरोपी ने की वारदात

पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुराचार का मामला सामने आया है। आरोपी ने गुरुवार को नशे की गोली का सेवन कराकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित लड़की और उसके परिजनों की शिकायत पर शुक्रवार रात को कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 सहित पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि शुक्रवार रात पीड़िता के परिजन उसे लेकर थाने आए। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले ही मोहल्ले में रहने वाले आरोपी ने लड़की को बहला फुसलाकर नशीले पदार्थ का सेवन कराया और उसके बाद दुराचार की घटना को अंजाम दिया। घटना के एक दिन बाद लड़की ने परिजनों को इस बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 376 सहित पॉक्सों एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर और रिश्तेदारों के घर दबिश दी गई, लेकिन फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर है। कोतवाली टीआई ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



