खेलमध्य प्रदेश

मध्य भारत एरिया द्वारा सूर्या हॉफ मैराथन का आयोजन

ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
जबलपुर । फिटनेस और सामुदायिक कल्याण को बढ़ावा देने की अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता में, भारतीय सेना द्वारा कई प्रभावशाली कार्यक्रमों का नेतृत्व किया जाता है। जबलपुर के युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए, 19 नवंबर 2023 को एक अनुकरणीय कार्यक्रम को आयोजित किया गया। मुख्यालय मध्य कमान के तत्वावधान में मध्य भारत एरिया ,जबलपुर द्वारा सूर्या हाफ मैराथन का आयोजन किया गया ,जो नागरिकों में फिटनेस के लिए एक गतिशील मंच है I इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को सकारात्मक रूप से निर्देशित करना था । यह कार्यक्रम उन कार्यक्रमों की श्रृंखला का एक हिस्सा है, जो 15 जनवरी 2024 को लखनऊ में आयोजित होने वाली सेना दिवस परेड, 2024 के लिए मंच तैयार कर रहे हैं।
सूर्या हाफ मैराथन, क्षेत्र के युवाओं की क्षमता को बढ़ावा देने के लिए भारतीय सेना के समर्पण का एक प्रमाण है, जिसमें जबलपुर में विभिन्न आयु श्रेणियों के 3000 से अधिक प्रतिभागियों की उत्साहपूर्वक भागीदारी देखी गई। यह आयोजन एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ, क्योंकि यह अपनी तरह की पहली विशेष पहल थी, जिसमें विभिन्न आयु समूहों के अंतर्गत आने वाले बड़ी संख्या में सैन्य और नागरिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। सैन्य कर्मियों, पुलिस कर्मियों, फिटनेस उत्साही, एनसीसी कैडेटों, महिलाओं, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने स्वेच्छा से भाग लिया और सभी के लिए स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा दिया।
लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि, जीओसी-इन-सी सेंट्रल कमांड, लेफ्टिनेंट जनरल एम के दास, जीओसी मध्य भारत एरिया, जबलपुर और श्रीमती मीता दास, जोनल आवा अध्यक्षा, द्वारा प्रत्येक श्रेणी को झंडी दिखाकर कोबरा ग्राउंड से अलग-अलग समय पर मैराथन को फ्लैग ऑफ किया गया । विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों के उत्साही धावकों ने मैराथन के मार्ग में आने वाले भारतीय सेना के प्रतिष्ठित प्रशिक्षण केंद्रों और जबलपुर छावनी के हरे – भरे वातावरण में 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 05 किलोमीटर की दूरी को पूरा किया, जहां भारतीय सेना के सैनिकों को प्रशिक्षण देते हुए उन्हें युद्धक्षेत्र में जीत हासिल करने की कड़ी ट्रेनिंग दी जाती है। प्रत्येक श्रेणी में पोडियम फिनिश करने वालों को हाफ मैराथन के पूरा होने के बाद पुरस्कार और मेडल्स से सम्मानित किया गया। 21 किमी की हाफ मैराथन के लिए ओपन पुरुष वर्ग में बंगरिया विक्रम भरत सिंह और महिला ओपन वर्ग में प्राजक्ता गोडबोले ने प्रथम स्थान हासिल करके 50-50 हजार रुपयों का नकद पुरस्कार प्राप्त किया । 10 किलोमीटर दौड़ के लिए 25-25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार अनिल कुमार यादव ने पुरुष ओपन वर्ग में और रिया राजेश दोहतरे द्वारा महिला ओपन वर्ग में जीता गया I 5 किलोमीटर के लिए 10-10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार सौरव अशोक तिवारी ने और मिताली दीपक भोयर ने जीता । इस मैराथन में प्रत्येक श्रेणी में प्रथम से तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को नकद पुरस्कार और मैडल से सम्मानित किया गया और दौड़ के सभी फिनिशर्स को पदक और प्रमाण पत्र भी दिए गए। इसके आलावा इस मैराथन में सबसे कम उम्र की चार वर्षीय प्रज्ञा भदौरिया ने 05 किमी की दौड़ को मात्र 26 मिनट में पूरा कर सबके लिए उदाहरण प्रस्तुत किया और उन्हें पुरस्कृत भी किया गया I
मैराथन के दौरान जबलपुर और देश भर के युवाओं और नागरिकों का उत्साह और उमंग अद्भुत एवं प्रदर्शनीय रहा, साथ ही सभी दर्शकों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया । प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए 2023 एशियाई खेलों के पदक विजेता और पदमश्री एवं अर्जुन पुरस्कार प्राप्तकर्ता खिलाडियों ने भाग लिया। कोबरा ग्राउंड में भारतीय सेना की डेयर डेविल्स बाइक स्टंट टीम और आधुनिक हथियारों एवं उपकरणों की प्रभावशाली श्रृंखला का प्रदर्शन दर्शकों के लिए एक आकर्षण का केंद्र रहा I जरूरतमंद धावकों के लिए फिजियोथेरेपी और तत्काल चिकित्सा उपचार सुविधाओं की भी व्यवस्था थी।
इस मैराथन में देश के सभी हिस्सों से नागरिको ने हिस्सा लिया I इसके साथ-साथ उन्हें जबलपुर मिलिट्री स्टेशन को देखने का मौका मिला और भारतीय सैनिकों के साथ नागरिकों ने देशभक्ति की भावना से दौड़ लगते हुए मध्य भारत एरिया द्वारा आयोजित सूर्या हाफ मैराथन को शानदार एवं सफल बना दिया I

Related Articles

Back to top button