मध्य प्रदेश

मानसून पूर्व नालों की सफाई अभियान शुरू

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । शहर में बड़े नालों की सफाई के लिए मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर नगरपालिका ने टीम गठित की है। इस टीम ने शहर में बड़े नालों की सफाई का अभियान शुरू कर दिया है। नाले में गंदगी और कचरा रहने की वजह से पानी गलियों, मोहल्लों में ठहरने लगता है। इसलिए नगर पालिका ने बाढ़ नियंत्रण दल का गठन कर नालों की सफाई का अभियान शुरू कर दिया है।
शहर के रामनगर दशहरा मैदान स्थित पलकमति नाला, एसबीआई कॉलोनी, बस स्टैंड , पुराना बस स्टैंड, गाडोईपुर, पक्का फाटक, दीनदयाल कॉलोनी, गंभीरिया नाले की सफाई कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त शहर की छोटी नालियों और खुले मैदानों से भी गंदगी हटाने का काम किया जा रहा है। ताकि कहीं भी बारिश का पानी ना रुके।
काम निरंतर चल रहा:-
नपा के सफाई दरोगा रघुवीर वाल्मीकि, दिनेश सपेरा ने बताया कि बड़े नालों और छोटी नालियों की सफाई सहित अभियान के तहत काम निरंतर चल रहा है। इस बीच जहां भी शिकायत मिल रही है वहां जाकर नाली और नालों की सफाई की जा रही है। लोगों को समझाइश भी दी जा रही है की सफाई के दौरान और उसके बाद नालों में कचरा ना फेंके इससे नालों का पानी रुकता है और बारिश में दिक्कत होती है। नालियों की भी सफाई की जा रही है ताकि इनका पानी सड़कों पर ना बहे इसके लिए दल गठित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में दल काम कर रहा है।
सीएमओ कृष्णकांत शर्मा का कहना है कि बारिश पूर्व आपदा प्रबंधन समिति का गठन कर दिया गया है। सुरक्षा कर्मियों की टीम बनाई गई है जो नालों की सफाई का अभियान चला रही है। शहर के सभी छोटे बड़े नालों की सफाई का काम निरंतर जारी है। काम की निरंतर मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button