मध्य प्रदेश

रायसेन के विकास में कोई कमी नही रहेगी- मुख्यमंत्री चौहान

रायसेन किले में पर्यटन सुविधाएं बढ़ाने बनेगा रोप वे, सीवेज के लिए होगा सर्वे
सांस्कृतिक आयोजनों के लिए सर्वसुविधा युक्त आडिटोरियम का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री ने रायसेन से 15 हजार 948 श्रमिक परिवारों के खाते में अंतरित की 345 करोड़ रू अनुग्रह सहायता राशि
जिले में लगभग 15458.27 लाख रू के निर्माण कार्यो का किया शिलान्यास तथा लोकार्पण

रायसेन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत रखा जाएगा और नशे सहित सभी तरह के अवैध कारोबार को ध्वस्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान बुधवार को रायसेन स्थित दशहरा मैदान आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में संबल 2.0 योजना के तहत 15948 श्रमिक परिवारों के खातों में 345 करोड़ 59 लाख रुपए की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व मुख्यमंत्री चौहान द्वारा कन्या पूजन और दीप प्रज्जवलित कर राज्य स्तरीय अनुग्रह सहायता राशि अंतरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया तथा संबल योजना के तहत 15948 श्रमिक परिवारों के खातों में 345 करोड़ 59 लाख रुपए की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश के अनेक जिलों में हुई असमय बारिश से फसलों को हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए किसानों को आश्वस्त किया कि चिंता मत करना सरकार आपको संकट से पार ले जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा के अलावा राहत राशि भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उनकी सरकार में गरीबों का सम्मान हर हाल में कायम रखा जाएगा। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान भी इसीलिए चलाया जा रहे है जिससे कोई भी गरीब शासन की किसी भी योजना के लाभ से वंचित नही हो। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को घर बनाने के लिए चाहे खरीद कर जमीन देना पड़े पर सरकार किसी गरीब को बिना घर के नही रहने देगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत इस महीने के अंत तक आवेदन लेकर मध्यप्रदेश स्थापना दिवस एक नवंबर से, वंचित रह गए गरीब परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तेंदूपत्ता श्रमिको को भी अभियान चलाकर संबल योजना में शामिल करे। उन्होंने कहा कि गरीब का जीवन आसान बनाना ही उनका मकसद है और रोटी, कपड़ा, मकान, दवाई और पढ़ाई की व्यवस्था सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चारों श्रमयोदय विद्यालयों में गरीब श्रमिको के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार खुले है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंच से ही खाद वितरण और उपलब्धता की समीक्षा करते हुए किसानों को आश्वस्त किया कि खाद की कोई कमी नही होगी। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि वे अपना खुफिया तंत्र मजबूत करे और खाद सहित राशन की चोरी करने वालो पर ऐसी कार्यवाही करे जो मिशाल बने।
रायसेन के विकास में कोई कमी नही रहेगी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रायसेन के विकास में कोई कसर नही छोड़ी जायेगी। उन्होंने घोषणा की है कि रायसेन किले में पर्यटन सुविधाएं बढ़ाने केलिए रोप वे स्थापित किया जायेगा। उन्होंने सीवेज के लिए सर्वे करने के निर्देश दिए और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए सर्वसुविधा युक्त आडिटोरियम के निर्माण की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने सेमरी जलाशय का काम मार्च तक पूरा करने और आसपास के गांव के घरों में दिसंबर तक नल से जल पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर अरविंद दुबे और जिले के अन्य अधिकारियों को मंच पर बुलाकर मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही पुलिस अधीक्षक विकास शहवाल से कानून व्यवस्था के बारे में जानकारी लेते हुए अपराधियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि आज मुख्यमंत्री द्वारा संबल योजना के तहत रायसेन से प्रदेश के 15948 श्रमिक परिवारों के खातों में 345 करोड़ 59 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि अंतरित की गई है। इसके लिए मैं रायसेन के सभी लोगों की तरफ से मुख्यमंत्री को धन्यवाद देता हूॅ। प्रदेश में असंगठित क्षेत्र में कार्यरत लाखों श्रमिकों के लिए संबल 2.0 योजना एक महत्वपूर्ण योजना है। योजना में श्रमिक परिवारों को जन्म से लेकर मृत्यु तक आर्थिक सहायता दी जाती है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा गरीबों के कल्याण और विकास के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है और इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। किन्हीं कारणों से जो पात्र लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं, उन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ही मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में श्रम एवं खनिज साधन विभाग मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना तथा मप्र भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के तहत अनुग्रह सहायता योजना चलाई जा रही है। जिसमें श्रमिक की दुर्घटना में मृत्यु होने पर आश्रितों को 4 लाख, सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख, स्थायी अपंगता पर 2 लाख, आंशिक स्थायी अपंगता पर एक लाख और अंतिम संस्कार सहायता के रूप में 5 हजार रूपये की अनुग्रह सहायता राशि दी जाती है। इसके अलावा संबल योजना में महिला श्रमिक को प्रसूति सहायता के लिए 16 हजार रूपये और श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम में सांसद रमाकांत भार्गव, सिलवानी विधायक रामपाल सिंह, भोजपुर विधायक सुरेन्द्र पटवा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, श्रम मण्डल अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
जिले के 194 पंजीकृत श्रमिकों के खातों में 4 करोड़ 48 लाख रू अंतरित
मुख्यमंत्री चौहान द्वारा प्रदेश के 15 हजार 948 श्रमिक परिवार को 345 करोड़ 59 लाख रूपये की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की गई। इनमें रायसेन जिले के 194 पंजीकृत श्रमिकों को 4 करोड़ 48 लाख रू की सहायता राशि और मप्र भव एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के अंतर्गत 26 प्रकरणों में 66 लाख रू की अनुग्रह सहायता राशि अंतरित की गई। इस प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सम्पूर्ण प्रदेश में लाईव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान द्वारा रायसेन जिले के संबल योजना के हितग्राहियों को अनुग्रह राशि के चैक भी वितरित किए। साथ ही मप्र श्रम कल्याण मंडल की उत्तम श्रमिक पुरस्कार योजना में चयनित श्रमिकों को पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा कटनी, छतरपुर, देवास, नर्मदापुरम और अशोकनगर जिलों के हितग्राहियों से वर्चुअल संवाद किया गया और श्रम कल्याण मंडल की तीन विवरणिका का लोकार्पण किया गया।
लगभग 13279.79 लाख रू लागत के निर्माण कार्यो का किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री चौहान द्वारा रायसेन जिले में 13279.79 लाख रू लागत के 11 विकास और निर्माण कार्यो का शिलान्यास किया गया। इनमें जल संसाधन विभाग के तहत 6305.57 लाख रू लागत की हिनोतिया लघु सिंचाई योजना तथा 280.67 लाख रू लागत की पीपलखेड़ी बैराज सिंचाई योजना, मप्र जल निगम मर्यादित के तहत 3462 लाख रू की 25 ग्रामों में हलाली समूह जलप्रदाय योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जल जीवन मिशन एकल ग्राम जल प्रदाय योजना के अंतर्गत 2271.27 लाख रू लागत की 46 ग्रामों में शत-प्रतिशत क्रियाशील घरेलू कनेक्शन के माध्यम से ग्रामों में जलप्रदाय, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-3 के तहत 450.96 लाख रू की लागत से 5.10 किलोमीटर लम्बाई की नकतरा-सुल्तानपुर से महुआखेड़ा रोड का भी शिलान्यास किया गया।
इसी प्रकार लोक निर्माण विभाग के तहत 333.31 लाख रू की लागत 50 सीटर आदिवासी सीनियर कन्या छात्रावास निर्माण कार्य, मप्र ग्राम सम्पर्कता कार्यक्रम के तहत 55.16 लाख रू लागत की 1.35 किमी लम्बी की टी-08 महुआखेडा से बिरहोली तक रोड और 36.07 लाख रू लागत की एक किलोमीटर लम्बाई की बहेडिया से टीलाखुर्द रोड, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत 28.26 लाख रू लागत से ग्राम शाहपुर पंचायत शाहपुर में आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य, 28.26 लाख रू लागत से ग्राम दाहिडा पंचायत सरार में आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य तथा 28.26 लाख रू लागत से ग्राम मेहगवां पंचायत टेकापार खोडी में आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
2178.48 लाख रू लागत के विभिन्न कार्यो का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री चौहान द्वारा रायसेन जिले में 2178.48 लाख रूपए की लागत के 08 निर्माण कार्यो का लोकार्पण भी किया गया। इनमें उच्च शिक्षा विभाग की विश्व बैंक परियोजना के अंतर्गत 979.08 लाख रू की लागत के स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय रायसेन के नवीन भवन का, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जल जीवन मिशन एकल ग्राम जल प्रदाय योजना के अंतर्गत 25 ग्रामों में 779.58 लाख रू लागत से 25 ग्रामों में शत-प्रतिशत क्र्रियाशील घरेलू नलकनेक्शन के माध्यम से ग्रामों में जलप्रदाय तथा लोक निर्माण विभाग के तहत 353.09 लाख रू की लागत से शासकीय अग्रणी महाविद्यालय में 6 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।
इनके अतिरिक्त पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत 22.83 लाख रू लागत से निर्मित शासकीय हाईस्कूल वनगवां में अतिरिक्त कक्ष एवं गेट सहित बाउण्ड्रीवाल, 20.50 लाख रू की लागत से गढ़ी पंचायत के ग्राम देवनारायण में प्राथमिक शाला भवन, बालक-बालिका शौचालय तथा बाउन्ड्रीवाल निर्माण, 7.80 लाख रू लागत से ग्राम आलमपुर में निर्मित आंगनवाड़ी भवन, 7.80 लाख रू लागत से ग्राम सालेरा में निर्मित आंगनवाड़ी भवन तथा 7.80 लाख रू लागत से टेकापार खोडी पंचायत के ग्राम कहूला में निर्मित आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण किया गया।

Related Articles

Back to top button