मध्य प्रदेश

लोकसभा चुनाव के पहले सिहोरा जिला बनाए सरकार

लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति ने सौंपा ज्ञापन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । विधानसभा चुनाव के पहले सिहोरा की जनता से भाजपा के स्टार प्रचारकों द्वारा जिला बनाए जाने की घोषणा होने और चुनाव में विजयी होने के तीन माह बाद भी इस दिशा में कोई पहल न होने से निराश सिहोरा वासियों ने बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम सिहोरा एस डी एम और विधायक को ज्ञापन सौंपा। अपने ज्ञापन में समिति सदस्यों लोकसभा चुनाव के पूर्व सिहोरा जिला बनाने का आग्रह किया।विधायक कार्यालय में उपस्थित नही रहे,उन्होंने फोन पर समिति सदस्यों से बात की ।
कब किसने की सिहोरा जिला की घोषणा –
विधानसभा चुनाव के पूर्व तत्कालीन केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के द्वारा दिनांक 08. 09. 2023 को सिहोरा में विकास यात्रा का नेतृत्व किया गया । विकास यात्रा में मंच पर भाषण के दौरान प्रह्लाद पटेल द्वारा सिहोरा को जिला बनाए जाने का वादा किया गया। सिहोरा को जिला बनाए जाने की मांग का समर्थन करते हुए आम जनता को संबोधित किया गया कि वे सिहोरा के जिला बनने की वर्ष 2003 से ही पक्षधर रहे हैं। सिहोरा जिला की मांग जायज है ।
भाजपा द्वारा घोषित प्रत्याशी संतोष बरकड़े के द्वारा 08. 11 .2023 को सिहोरा में आयोजित एक सभा में सिहोरा में उठ रही जिला की मांग का समर्थन करते हुए आम जनता को कहा गया कि यदि जनता उन्हें अपना आशीर्वाद प्रदान करती है तो वह सिहोरा को जिला बनाने की बात सरकार तक ले जाकर सिहोरा को जिला अवश्य बनवाएंगे।
दिनांक 15.11.2023 को चुनाव प्रचार के दौरान सिहोरा पधारी केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी द्वारा सार्वजनिक मंच से सिहोरा वासियों को भाजपा की ओर से आश्वस्त किया गया कि यदि सिहोरा की जनता भाजपा प्रत्याशी संतोष बरकड़े को चुनाव में जिताती हैं तो वह सिहोरा जिला की मांग को स्वयं मध्य प्रदेश सरकार तक ले जाकर सिहोरा को जिला अवश्य बनवाएंगी।
दिनांक 16.11.2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा स्वयं सिहोरा में उठ रही जिला की मांग को संज्ञान में लेते हुए इस हेतु संघर्ष कर रही हम समिति के सदस्यों से दूरभाष पर वार्ता की गई । और वचन दिया गया कि भाजपा प्रत्याशी को जिताएं, भारतीय प्रत्याशी के जीतने और सरकार बनने पर सिहोरा को जिला अवश्य बनाया जाएगा ।
सिहोरा वासियों की आस
लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति के बैनर तले सिहोरा वासियों ने भाजपा के दिग्गज नेताओं के द्वारा सिहोरा वासियों से की वादे का हवाला देते हुए कहा कि अब सिहोरा की आम जनता मध्य प्रदेश सरकार की ओर टकटकी लगाकर उस दिन का इंतजार कर रही है जब चुनाव पूर्व दिए गए वादों को पूरा करते हुए सिहोरा वासियों की सबसे पुरानी सिहोरा जिला की मांग को सरकार द्वारा पूरा किया जाएगा ।
ज्ञापन सौंपते समय समिति के अनिल जैन, नंदकुमार परोहा, कृष्णकुमार कुररिया, विकास दुबे, रामजी शुक्ला, प्रदीप दुबे, मोहनलाल गौतम, चंद्रभान उर्मलिया, राकेश मिश्रा, सुशील पांडे, नत्थू पटेल सहित अनेक समिति सदस्य मौजूद रहे ।

Related Articles

Back to top button