2 दिन से लगातार हो रही बारिश से किसान परेशान
व्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । मंगलवार की शाम करीब 1:30 घंटे तक हुई बारिश से जहां नवरात्र का कार्यक्रम प्रभावित हुआ और लोग अपने घरों से नहीं निकल पाए वहीं किसानों की कटी हुई रखी सोयाबीन की फसल भीग गई और कटाई प्रभावित हो गई तो दूसरी ओर जिन खेतों में अभी पानी की नमी थी उसमें पानी और भर जाने से बतर का इंतजार कर रहे किसानों के इरादों पर पानी फिर गया और उनकी फसल पहले ही अंकुरित होने लगी थी पानी गिरने से और ज्यादा नुकसान की संभावना बताई जा रही है । जैसे तैसे किसान बुधवार सुबह के वक्त कटी हुई सोयाबीन को फैला रहा था कि फिर सुबह और दोपहर में हुई तेज बारिश के कारण चारों ओर पानी ही पानी हो गया जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। एक तो सोयाबीन उड़द से वैसे ही किसान परेशान था उस पर वर्षा हो जाने से उन पर परेशानियों का कहर टूट पड़ा है। रहीं सही कसर भी बरसा ने पूरी कर दी है । अब किसानों को यह चिंता सता रही है कि जो फसल कटाई में पैसा लगाया है बारिश की वजह से सही तरीके से थ्रेसिंग हो पाएगी और उनका खर्चा निकल पाएगा या नहीं। प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा किसान बार-बार हो रही बरसात से हलाकान हो गया है।
किसान अत्यधिक वर्षा से फसलों के नुकसान को लेकर पहले ही सर्वे की मांग कर रहा था ताकि उसे शासन से मुआवजा मिल सके लेकिन अब बारिश के कारण कटी हुई फसल खराब होने से एक बार फिर शासन की ओर आशा भरी नजरों से देख रहा है।
किसान नेता सौरभ शर्मा,बाल गिरी गोस्वामी, अजहर पटेल, डा.रवि शर्मा, बसंत शर्मा, कैलाश गुप्ता, प्रदीप दुबे, इस्माइल खान, भगवानदास सोलंकी, सौरभ यादव, नत्थू सिंह पटेल, हमीद खान आदि ने शासन से एक बार फिर मांग की है कि किसानों की प्राकृतिक आपदाओं से खराब हो गई फसलों के लिए किसानों को मदद पहुंचाने के उद्देश्य उन्हें मुआवजा राशि प्रदान की जाए ताकि आगामी फसल की वह तैयारी अच्छी तरीके से कर सकें।



