धार्मिक

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ज्योतिष पीठ के नए शंकराचार्य

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
नरसिंहपुर । ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने अपने जीवन काल में ही अपने उत्तराधिकारी तय कर दिए थे। स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के ब्रह्मलीन होने के बाद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ज्योतिष पीठ के नए शंकराचार्य होने जा रहे हैं । सोमवार को परमहंसी गंगा आश्रम में मौजूद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती की कमी देश के आध्यात्मिक जगत को हमेशा खलेगी । अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि देश के सभी मठों से प्रतिनिधि शंकराचार्य के अंतिम दर्शन करने के लिए आ रहे हैं । अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि गुरु परंपरा के अनुसार शंकराचार्य को सिर्फ समाधि दी जा सकती है लेकिन नदियों की शुद्धता का ध्यान रखते हुए स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने जल समाधि की बजाय भू समाधि की इच्छा जताई थी, इसलिए आज विधि विधान से उन्हें आश्रम परिसर में भू समाधि दी जाएगी । अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि बात धर्म की हो, समाज की, देश की या राजनीति की, वह हर विषय पर खुलकर बात रखने के लिए स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती हमेशा याद किए जाएंगे और शायद ही कोई उनकी जगह ले सके । स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने अपना कर्तव्य निभाया था और अब वो उनकी ही इच्छा के अनुसार ज्योतिष पीठ का प्रभार संभालेंगे।

Related Articles

Back to top button