सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत आयोजित की जा रही है विभिन्न जागरूकता गतिविधियां
नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए पालन करने की दी गई समझाईश
रायसेन । प्रदेश के साथ ही रायसेन जिले में भी 11 जनवरी से 17 जनवरी तक सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत सम्पूर्ण जिले में यातायात जागरूकता संबंधी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा ने बताया कि जिले में सभी एसडीओपी को उनके क्षेत्र में नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने वाले नागरिकों को सम्मानित करने एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत ग्राम पठारी, पैमत, बरूखार, रतनपुर, बेरखेड़ी चौराहा गौहरगंज सहित अन्य ग्रामों में पहुंचकर नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने सहित यातायात नियमों का पालन करने की समझाईश दी गई। इसी प्रकार थाना देवरी के तहत शासकीय आईटीआई में, थाना बरेली के तहत आने वाले स्कूलों में बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उनका पालन करने की समझाईश दी गई।



