मध्य प्रदेश

10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज,12 सितंबर को सड़क पर प्रदर्शन की चेतावनी

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और 10 सूत्रीय मांगों को लेकर उमरियापान के न्यू बस स्टैंड में जारी अनिश्चितकालीन अनशन के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं किए जाने पर आंदोलनकारियों ने प्रदर्शन की चेतावनी दी है। अनशनकारियों ने 12 सितंबर को सुबह 11 बजे न्यू बस स्टैंड में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
समाजसेवी नेता चंद्रकांत ‘चंदू’ चौरसिया ने बताया कि प्रदर्शन के संबंध में मुख्यमंत्री के नाम एक पत्र नायब तहसीलदार उमरियापान को सौंपा गया है। पत्र के माध्यम से मांगों का शीघ्र निराकरण किए जाने की मांग की गई है । साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर 12 सितंबर को सड़क पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है।
गौरतलब है कि उमरियापान क्षेत्र की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 1 सितंबर से न्यू बस स्टैंड में अनिश्चितकालीन अनशन जारी है । आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में उमरियापान में आईटीआई खोलना, 100 बिस्तरीय अस्पताल का निर्माण, उमरियापान-सिहोरा सड़क का निर्माण, उमरियापान में दोनों चिन्हित स्थानों पर बस स्टैंड का निर्माण तथा एसडीएम कोर्ट की स्थापना शामिल है ।
इसके अलावा उमरियापान में कृषि उपज मंडी बनाए जाने, करौंदी में प्रस्तावित उद्योग की स्थापना, बम्हनी पंचायत में स्वीकृत भूमि पर खेल मैदान का निर्माण, सीएम राइज स्कूल भवन स्वीकृत कर निर्माण कार्य शुरू कराने तथा झंडा चौक से बस्ती तक मुख्य सड़क का निर्माण कराने की मांग भी आंदोलनकारियों द्वारा की जा रही है । आंदोलनकारियों का कहना है कि मांगों पर जल्द पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा ।

Related Articles

Back to top button