मध्य प्रदेश

भू-माफियाओं से मुक्त कराई 6 करोड़ की शासकीय भूमि, अतिक्रमण को किया जमीदोंज

राजस्व विभाग ने पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में की बड़ी कार्यवाही
पक्के कच्चे निर्माण को जेसीबी से तोड़ा, व्यापारियों का शासकीय भूमि पर रखे मटेरियल को हटाने के दिए निर्देश

सिलवानी । गुरूवार को राजस्व विभाग द्वारा भू माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए कृषि प्रक्षेत्र की राजमार्ग 15 बरेली रोड़ से लगी बेशकीमती भूमि पर अज्ञात अतिक्रमणकारियों द्वारा बनाये गये 7 शटरों और दो कच्चे अतिक्रमणों पर दो जेसीबी की मदद से जमींदोज कर लगभग 11730 वर्ग फिट भूमि जिसका बाजार मूल्य 5 करोड़ 86 लाख रूपये को मुक्त कराई गई।
तहसीलदार द्वारा पूर्व में उक्त अतिक्रमण को लेकर दो बार नोटिस जारी किये गये थे लेकिन कोई भी तहसील कार्यालय में उपस्थित नहीं हुआ जिस पर प्रशासन द्वारा एक दिन पूर्व पुनः नोटिस जारी कर उक्त अतिक्रमण पर चस्पा किये गये थे और गुरूवार को तहसीलदार दिलीप कुमार द्विवेदी, नायब तहसीलदार भारतसिंह मांडले, थानाप्रभारी डीपी सिंह, राजस्व निरीक्षक सुशील सिंह अरमो, पटवारी पर्वत सिंह, विक्रांत सेन, सुरेन्द्र ठाकुर, दिनेश कुमार सहित बड़ी संख्या कोटवारों और पुलिस बल के साथ गुरूवार की दोपहर में दो जेसीबी की मदद से पक्के बने 7 शटरों को ध्वस्त किया गया। वहीं तार फेंसिंग कर अतिक्रमण की तैयारी की जा रही भूमि से तार को हटाया। दो कच्चे निर्माण के साथ कई गुमठियों पर प्रशासन का बुल्डोजर चलाया गया। बरेली रोड से लगकर कृषि प्रक्षेत्र की बेशकीमती भूमि पर भू माफियाओं की हमेशा नजर रहती है। क्योंकि इस रोड पर सिविल हाॅस्पिटल का निर्माण होने से रोड के दोनों तरफ की भूमियों की कीमत में काफी उछाल आया है। वहीं इस भूमि पर व्यापारियों द्वारा फर्शी, टाल्स, पाइप, टेक्टर तत्काल हटाने के निर्देश दिये वहीं अवैध रूप से रखी गुमठियां को जेसीबी से तोड दिया गया।
इस संबंध में एसडीएम पीसी शाक्य ने बताया कि काफी लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थी और तहसीलदार द्वारा दो बार नोटिस भी जारी किये गये थे लेकिन कोई भी व्यक्ति उपस्थित नहीं हुआ जिस पर प्रशासन द्वारा आज लगभग 6 करोड की शासकीय भूमि को भूमाफियाओं से मुक्त कराई गई है।

Related Articles

Back to top button