मध्य प्रदेश

देवर, पिता, पति को शपथ दिलाने वाला पंचायत सचिव निलंबित

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर जिला सीईओ ने की कार्यवाही
जैसीनगर । देश और प्रदेश में महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है। राजनीति में उनकी भागीदारी बढ़ाई जा रही है। महिला सशक्तिकरण के लिए पंचायत चुनाव में पचास प्रतिशत आरक्षण दिया गया। जिसके बाद सरपंच और पंच के पदों पर महिलाएं चुनकर भी आईं, लेकिन सिर्फ नाम के लिए। क्योंकि पंचायत चुनाव में जीतकर आईं महिलाओं की जगह पर उनके परिजन शपथ ले रहे हैं।
ग्राम पंचायत जैसीनगर में गुरुवार को नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच और पंच का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया जिसमें महिला जनप्रतिनिधियों की जगह क्रमश: उनके पिता, पति व देवर ने शपथ ली।
ग्राम पंचायत में 10 महिला पंच हैं, जबकि शपथ ग्रहण समारोह में मात्र 3 महिला पंच ही शामिल हुईं। एक महिला पंच देवर ने शपथ ली तो दूसरी महिला पंच के पिता ने शपथ ली। 2 महिला पंच के पतियों ने शपथ लीं, शेष महिला पंच अनुपस्थित रहीं। ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों को पंचायत सचिव आसाराम साहू ने शपथ दिलाई। जैसीनगर ग्राम पंचायत में सरपंच व पंच मिलाकर कुल 21 सदस्य निर्वाचित हुए हैं। मामला प्रकाश में आने के बाद महिला पंचों के परिजनों ने आरोप लगाया कि ग्राम
पंचायत में शासकीय कार्य भी महिलाओं की जगह उनके पति कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर शपथ ग्रहण समारोह का वीडियो वायरल होने पर जिला पंचायत सागर के सीईओ ने कार्यवाही करते हुए ग्राम पंचायत सचिव आशाराम साहू को निलंबित कर दिया।

Related Articles

Back to top button