रोजगार सहायक गुण्डागर्दी करके करवा रहा प्रस्ताव पारित, सचिव की मौन स्वीकृति
जनप्रतिनिधियों से करता है अभद्रता
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत झिन्ना पिपरिया में पदस्थ रोजगार सहायक मुकेश त्रिपाठी के कारनामें जग जाहिर है और उनके द्वारा नियमों को रौंदते हुये नवनिर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों और उनके पतियों से खुलेआम अभद्रता की जाती है और नवनिर्वाचित महिलाओं जनप्रतिनिधियों से किसी भी प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करा लिया जाता है और जब उनके द्वारा जानकारी पूछी जाती है तो रोजगार सहायक अपना रूतबा झाडऩे लगता है।
यहां पर यह भी उल्लेखनीय है कि ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत की झिन्ना पिपरिया में पदस्थ मुकेश त्रिपाठी, झिन्ना पिपरिया ग्राम का ही निवासी है लिहाजा इसके द्वारा इस बात का गलत फायदा उठाया जाता है और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है। इस संबंध में झिन्ना पिपरिया सरपंच द्वारा सीईओ जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा को शिकायत सौंपते हुये यह मांग की गई है कि कई वर्षों से झिन्ना पिपरिया में पदस्थ रोजगार सहायक मुकेश त्रिपाठी को अन्यंत्र किसी भी पंचायत पदस्थ किया जाये। ग्रामीणों द्वारा यह भी बताया गया कि पूर्व के कार्यकाल में रोजगार सहायक द्वारा भारी अनियमित्ता की गई है। इस मामले में भी जल्द ही उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत की जायेगी।
भाई हारा चुनाव तो निकालने लगा खुन्नस
स्मरण रहे कि झिन्ना पिपरिया पंचायत से रोजगार सहायक के भाई राकेश त्रिपाठी के द्वारा चुनाव लड़ा गया था लेकिन यहां पर विजय कोई और हो गया। लिहाजा रोजगार सहायक के द्वारा इन्हीं सब बातों की खुन्नस वर्तमान सरपंच से निकाली जा रही है।
पिछले कार्यकाल का जल्द खुलेगा चिट्ठा
ग्रामवासियों द्वारा पिछले कार्यकाल में जितने भी काम करवाये गये है या स्वीकृत हुये है इस संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है। चूंकि जानकारी यह भी मिली है कि कई काम ऐसे है जो कागजों पर ही करवा लिये गये है लेकिन हकीकत कोसों दूर है l



