मध्य प्रदेशराजनीति

पूर्व विधायक अजय यादव कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल

रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । जिले के पूर्व विधायक अजय यादव धनेरा गुरुवार को कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। आज उन्होंने भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं पहले भी भाजपा में रहा हूं। इसलिए मेरी घर वापसी हुई है।
दरअसल, साल 2008 में उमा भारती ने टीकमगढ़ की खरगापुर विधानसभा से जनशक्ति पार्टी से अजय यादव को मैदान में उतारा था। चुनाव जीतने के बाद 5 साल तक अजय यादव जनशक्ति पार्टी से विधायक रहे। जब उमा भारती की भाजपा में वापसी हुई तो अजय यादव भी भाजपा में आ गए थे। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर अजय यादव कांग्रेस में शामिल हो गए थे। इसके बाद जब 2023 में कांग्रेस ने उन्हें कहीं से टिकट नहीं दिया तो वे कांग्रेस से नाराज हो गए। पिछले कई दिनों से अजय यादव के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थी। आज भोपाल पहुंचकर उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव की उपस्थिति में भाजपा ज्वाइन कर ली। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा के आरोप लगाए।
भाजपा जिला संगठन को नहीं लगी जानकारी
अजय यादव के भाजपा ज्वाइन करने की जानकारी जिले के पदाधिकारियों को भी नहीं लगी। अजय यादव बुधवार रात भोपाल पहुंच गए थे। आज सीधे उन्होंने मुख्यमंत्री और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

Related Articles

Back to top button