क्राइम

बारात में डांस को लेकर चाकूबाजी, एक की मौत, तीन घायल

दुल्हन के भाई और वर पक्ष में धक्का-मुक्की, दूल्हे के मौसेरे भाई ने तोड़ा दम, तीन घायल
दीवानगंज । सोमवार-मंगलवार रात 12 बजे बारात में डांस करने के दौरान धक्का लगने से दूल्हे और दुल्हन पक्ष में विवाद हो गया। घटना रायसेन जिले के दीवानगंज में जय गिरिराज गार्डन के पास की है। मामले के बाद नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने बारातियों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दूल्हे के मौसरे भाई मौत हो गई।
जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिसके बाद परिजनों ने अपने निजी वाहन से घायलों को भोपाल के पीपुल्स अस्पताल में भर्ती कराया। इधर, पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना के बारे में पूछताछ कर रही है।
दीवानगंज के जय गिरिराज गार्डन में स्वर्गीय बाबूलाल अहिरवार के यहां विदिशा जिले के नटेरन से बारात पहुंची थी। इसी दौरान रात में गार्डन से कुछ ही दूरी पर बारात लगने के दौरान दुल्हन के भाई भी बारात में आकर डांस करने लगे।
इसी वक्त दूल्हे यशपाल अहिरवार के परिजनों को धक्का लग गया और इसी बात पर दूल्हे और दुल्हन पक्ष के लोगों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक दूसरे में मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने चाकू से दूल्हे पक्ष पर हमला कर दिया।
जिसमें दूल्हे पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए भोपाल भेजा गया। इस दौरान दूल्हे के मौसी के लड़के ओम प्रकाश अहिरवार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि तीन घायलों में दशरथ, अजय और शिवराज का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस संबंध में एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि दीवानगंज में बाबूलाल अहिरवार की बेटी की शादी थी। बारात विदिशा जिले के नटेरन से दीवानगंज पहुंची थी। रात में बारात लग रही थी। इसी दौरान दुल्हन के भाई भी बारात में आकर डांस करने लगे। जिससे दूल्हे पक्ष के कुछ लोगों को धक्का लग गया और इसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
जिसमें दुल्हन पक्ष के लोगों ने चाकू से हमला कर दिया इस घटना में दूल्हे के मौसी के लड़के को गंभीर चोट लगी थी। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। जबकि 3 लोग घायल हुए हैं। इस घटना में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विवाद शांत कराया था। आरोपी संजू और विशाल पर भादवि की धारा 302 307 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है।

Related Articles

Back to top button