15 दिन से बंद पड़े दो टांसफार्मर, ग्रामवासियों का गर्मी में हलाकान
देवरी पाठक का मामला
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । समीपस्थ देवरी पाठक में घरेलू एवं कृषि कार्य के ट्रांसफार्मर करीब 15 दिनों से बंद पड़े जिसके कारण ग्रामवासियों एवं किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड रहा है। ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामवासियों को अंधेरे में रहने को मजबूर है। तकनीकी खराबी आने के कारण पूरे गांव में बिजली गुल हो जाती है। विद्युत मंडल की लापरवाही के कारण पूरा गाँव अंधकार में डूबा हुआ है। शिकायत करने के बाद भी 15 दिनों पहले फुंका ट्रांसफार्मर अभी तक दुरूस्त नहीं कराया गया । इसके मरम्मत की बात तो दूर, इतने दिन बाद भी ट्रांसफार्मर को मौके से उठाकर ले जाने तक की फुर्सत विभागीय अधिकारी कर्मचारियों के पास नहीं है । ग्राम के रवि दीक्षित, रामकिशोर हल्दकार, गणेश हल्दकार, ऋषि हल्दकार, आशीष हल्दकार आदि ग्रामवासियों ने बताया कि देवरी पाठक के वार्ड नंबर चार में घरेलू ट्रांसफार्मर बीते 15 दिनों से खराब पड़ा है । गांव में बिजली आपूर्ति बंद होने से एक पखवाड़े से अंधेरा पसरा हुआ है । रात के समय पर ग्रामवासियों को जीव जंतुओं का भय बना हुआ है । गर्मी व उमस के बीच पंखा, कूलर, इन्वर्टर आदि शो पीस बने हुए हैं । ग्रामवासियों को अंधेरे में मच्छरों के प्रकोप से जूझने के लिए विवश हैं । बिजली न रहने से पेयजल के लिए ग्रामवासियों को इधर उधर भटकना पड़ रहा हैं । पेयजल के लिए ग्रामीण हैंडपंपों के सहारे है। बिजली गुल होने के कारण ग्रामवासियों को दोपहर तक इन दिनों हैंडपंपों में भीड़ जमा रहती है । किसान भी परेशान, सूख रही फसलें- वहीं किसान जयकुमार पटैल, मोहन पटैल, महेन्द्र पटैल, शिवकुमार पटैल आदि किसानों ने बताया कि देवरी पाठक के वार्ड नंबर सात में किसानों के उपयोग के लिए लगाया गया बिजली ट्रांसफार्मर भी बीते 15 दिनों से खराब पड़ा है। किसानों के खेतों में बोई गई फसलों की सिंचाई नहीं होने के कारण फसलों की सिंचाई भी प्रभावित हो रही है जिस कारण किसान परेशान हैं । किसानों ने बताया कि मूंग उड़द की फसलों के अलावा सब्जियां सूख रही हैं । जिससे उन्हें नुकसान होने की चिंता सता रही हैं । किसानों ने बताया कि करीब 15 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत विधुत विभाग के अधिकारियों से किया है, लेकिन सुधार नहीं हो पा रहा है । जिसके चलते ग्रामीणों और किसानों ने 1912 एवं सीएम एल्फ नंबर 181 में शिकायत दर्ज कराई है । विधुत आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था पर क्षेत्र के लोगों में आक्रोश गहरा रहा है ।
इस संबंध में चंचल गुप्ता, सहायक अभियंता, ढीमरखेड़ा का कहना हैं कि
ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी मिली है। दो-तीन दिनों में एक-एक करके ट्रांसफार्मरों को बदला जाएगा ।



