क्राइम

उधारी के 25 हजार रुपए मांगने पर बहस होने पर आरोपी ने सिर पर पत्थर मारकर की थी हत्या

पुलिस ने 2 माह बाद किया गिरफ्तार, आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम था
रिपोर्टर : मधुर राय
बरेली । रायसेन जिले के बरेली थाना क्षेत्र में 19 अप्रैल को सिनवाह और सिलवाह गांव के बीच एक युवक की लाश खून से लथपथ अवस्था में पड़ी होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंपकर मामला जांच में लिया था।
पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में आरोपी पर 10 हजार रुपए का ईनाम रखा था। थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने अपने मुखबिरों को सक्रिय कर हत्या की गुत्थी सुलझाने में लगाए। सिनवाह निवासी पुरषोत्तम विश्वकर्मा ने पुलिस को पहले सूचना दी थी कि रिमसिली निवासी विजय सिंह पिता जमना प्रसाद धानक की किसी ने हत्या कर दी है और शव सिनवाह और सिलवाय के बीच पड़ा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए पुलिस के द्वारा अलग-अलग टीम को लगाया। पुलिस जांच के दौरान घटना का मुख्य आरोपी अरविंद राजपूत पिता पुरुषोत्तम राजपूत निवासी मेहरागांव को पूछताछ के लिए पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी अरविंद राजपूत ने मृतक विजय सिंह धानक की हत्या करना कबूल किया। आरोपी ने बताया कि मृतक ने उससे 25 हजार रुपए उधार लिए थे। 18 अप्रैल की रात्रि करीब 10 बजे मृतक ने आरोपी अरविंद से शादी में जाने के लिए सिनवाह गांव छोड़ने का बोला तो आरोपी अरविंद मृतक विजय को मेहरागांव से बाइक पर बैठाकर शादी में छोड़ने सिनवाह जाने लगा। इसी दौरान आरोपी अरविंद ने मृतक से उधार दिए रुपए मांगा तो दोनों के बीच कहा सुनी हो गई। आरोपी अरविंद ने बाइक खड़ी कर मृतक के सिर में पत्थर मार दिया, जिससे सिर में चोट लगने से उसके सिर से खून निकलने लगा। पहले तो आरोपी घबराकर उसे इलाज के लिए बरेली ले जाने लगा, लेकिन रिपोर्ट के डर से उसे वहीं छोड़कर चल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने 10 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button