हाई स्कूल परीक्षा में 43 में से 40 विद्यार्थी हुए फैल

शिक्षकों की लापरवाही से विद्यार्थियों का भविष्य बर्बाद
स्कूल में मोबाइल चलाने में या क्रिकेट में व्यस्त रहते हैं शिक्षक
पालकों ने लापरवाह शिक्षकों पर कार्रवाई करने की मांग की
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । विकासखंड के शासकीय नवीन हाईस्कूल बिछुआ जागीर में बीते सत्र में 10 वीं कक्षा का परिणाम अत्यंत निराशाजनक रहा। 43 छात्रों में से केवल 3 ही पास हो सके, जबकि 40 विद्यार्थी फेल हो गए। इस पर पालकों का आरोप है कि स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक अपने कर्तव्यों का पालन नहीं करते। दिनभर मोबाइल चलाने या क्रिकेट खेलने में व्यस्त रहते हैं।
बुधवार को भी प्राचार्य कक्ष बंद था और वह अनुपस्थित थे। एक महिला शिक्षक निधि साहू ने बताया कि प्राचार्य कुछ देर पहले ही स्कूल से गए है। स्थानीय ग्रामीणों और पालकों ने भी शिकायत की है कि स्कूल में पढ़ाई नहीं हो रही है, शिक्षकों की कमी है। एक प्रभारी प्राचार्य और अतिथि शिक्षकों के भरोसे स्कूल संचालित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें ऐसे शिक्षक और प्राचार्य नहीं चाहिए जो अपने कर्तव्यों का पालन नहीं करते। लापरवाह शिक्षकों की अधिकारियों से शिकायत करते हैं, तब भी कोई कार्यवाही नहीं होती। यदि स्कूल में पढ़ाई की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ समस्त ग्रामीण धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
जानकारी के अनुसार गत सत्र में 6 अतिथि शिक्षको को लगाया गया था जिनमे अतिथि शिक्षक प्राचार्य की बेटी थी, वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय में 2 शिक्षिका और मिडिल और हाई स्कूल में मात्र एक शिक्षक है।
इस संबंध में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि 20 बच्चे स्कूल ही नहीं आते थे, इसलिए वह प्राइवेट बैठे थे। चार बच्चे पास हुए हैं, 19 फेल हुए है। जिला शिक्षा अधिकारी ने नोटिस जारी किया है। स्कूल की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए गए है।



