अनियंत्रित हाईवा यात्री प्रतीक्षालय में घुसा, कई घायल एक गंभीर जबलपुर रेफर

ढीमरखेड़ा महाविद्यालय के बाहर हुआ भीषण हादसा, पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुँचाया, आरोपी चालक गिरफ्तार
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान ढीमरखेड़ा मार्ग पर शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा के बाहर दोपहर में दर्दनाक हादसा घटित हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाईवा क्रमांक एमपी 20 जेड एम 4003 अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय में जा घुसा। उस समय बारिश हो रही थी और यात्री प्रतीक्षालय में कई लोग बारिश थमने का इंतज़ार कर रहे थे। देखते ही देखते हाईवा की चपेट में आकर कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस घटना में घायल व्यक्तियों की पहचान सुभाष चौधरी पिता श्यामलाल उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम पोड़ी कला, अरुण प्रताप सिंह पिता जगदेव सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम झिरीं, रागिनी कुमारी पिता नरेश सिंह उम्र 13 वर्ष निवासी मंगेली उमरियापान, नरेश पिता चैनसिंह उम्र 45 वर्ष निवासी मंगेली उमरियापान तथा अंकित कुर्मी पिता रमेश कुर्मी उम्र 18 वर्ष निवासी मंगेली उमरियापान के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही थाना ढीमरखेड़ा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान रवाना किया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सुभाष चौधरी की हालत नाज़ुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया।
वहीं, पुलिस ने मौके से हाईवा चालक रविंद्र पिता हलक सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी कुटल्ले थाना चंदिया जिला उमरिया को अभिरक्षा में ले लिया है। चालक के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर अंकुश लगाने की मांग कर रहे हैं।



