क्राइम

जेल वारंट करते ही बेहोश हुए नपाध्यक्ष और भाजपा मंडल अध्यक्ष

रायसेन जिला अस्पताल में भर्ती कराया, डॉक्टर से मारपीट मामले में पेश हुआ था चालान
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले की गैरतगंज नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश कुमार जैन और भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष संजय जैन को न्यायालय ने जेल वारंट जारी कर दिया। सोमवार दोपहर को पुलिस ने दोनों नेताओं का चालान प्रथम श्रेणी न्यायाधीश मनीष रघुवंशी के समक्ष पेश किया था। न्यायालय ने जमानत रद्द करते हुए जेल भेजने का आदेश दिया था। जिसके बाद दोनों नेता की तबीयत बिगड़ गई और बेहोशी की हालत में रायसेन जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
यह वारंट डॉक्टर अनिष्ट लाल के साथ मारपीट के मामले में जारी किया गया है। दोनों नेताओं पर शासकीय कार्य में बाधा सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।
जिनेश जैन और संजय जैन के खिलाफ बीएनएस की धारा 121/1, धारा 296, धारा 351/3, धारा 3/5, धारा 3/4 और धारा 132 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटना 15 जून को सिविल हॉस्पिटल गैरतगंज में हुई थी। आरोप है कि दोनों नेताओं ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अनिष्ट लाल के साथ मारपीट की थी।
सिविल हॉस्पिटल में मरीज को समय पर इलाज न मिलने और हॉस्पिटल की अव्यवस्था को लेकर बीएमओ डॉ. अर्नेस्ट लाल से मंडल अध्यक्ष संजय जैन और नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश सिंघई (जैन) की झड़प हो गई थी। यह झड़प बाद में विवाद और मारपीट में बदल गई।
बीएमओ डॉ. अर्नेस्ट लाल ने इस मामले में दोनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और अभद्रता की पुलिस थाना गैरतगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। वहीं, मंडल अध्यक्ष संजय जैन और नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश सिंघई (जैन) ने भी पुलिस को शिकायती आवेदन देकर डॉक्टर के विरुद्ध अभद्रता और कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।

Related Articles

Back to top button