धार्मिक

सिलवानी में 11 जनवरी को होगा सकल हिन्दू सम्मेलन, 05 जनवरी को निकलेगी वाहन रैली

सिलवानी। शनिवार को अशोका होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला करवा राजेंद्र राजपूत ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर सिलवानी नगर में 11 जनवरी 2026 को विराट सकल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए आयोजन समिति का गठन कर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
प्रेसवार्ता में बताया गया कि सम्मेलन के प्रचार-प्रसार एवं जनसंपर्क को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पीले चावल, आमंत्रण पत्रक एवं भारत माता कैलेंडर का वितरण किया जाएगा। नगर की विभिन्न कॉलोनियों एवं बस्तियों में घर-घर संपर्क के लिए अलग-अलग टोलियों का गठन किया गया है, जो नागरिकों को सम्मेलन में सहभागी बनने का निमंत्रण देंगी। साथ ही नगर क्षेत्र में भगवा पताकाएं एवं बड़े होर्डिंग लगाए जाएंगे।
आयोजन समिति के अनुसार सम्मेलन से पूर्व 05 जनवरी 2026 को भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी, जो हाई स्कूल मैदान से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए कार्यक्रम स्थल पर संपन्न होगी। वहीं, 11 जनवरी को सम्मेलन के दिन लगभग 1100 महिलाओं की सहभागिता से कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसके साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।
सम्मेलन में भारत माता की भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न झांकियां, गायत्री परिवार द्वारा समरसता यज्ञ तथा विशाल धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। धर्मसभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्यभारत प्रांत के प्रांत सह संघचालक एवं प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सेठी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय वाल्मीकि अवार्ड से सम्मानित 1008 अशोक दास ब्रह्मचारी महाराज (श्रीधाम अयोध्या) तथा जैन संत बसंत महाराज का सानिध्य प्राप्त होगा। साथ ही क्षेत्र के अनेक साधु-संतों एवं महात्माओं का आशीर्वाद भी मिलेगा।
सम्मेलन के समापन पर सभी हिन्दू भाई-बहनों के लिए समरसता भोज/नगर भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने सकल हिन्दू समाज से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

Related Articles

Back to top button