मध्य प्रदेश

तेज रफ्तार टवेरा तालाब के किनारे दुर्घटनाग्रस्त, तीन बरातियों की मौत

गैरतगंज से विदिशा के जाफरखेड़ी आ रही थी बारात
जाफरखेड़ी में तेज रफ्तार टवेरा तालाब के किनारे की घटना

रायसेन । गैरतगंज से विदिशा के जाफरखेड़ी आ रही एक बारात की खुशियां गुरुवार रात उस वक्त मातम में बदल गई, जब बारातियों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर काल का ग्रास बन गया। जाफरखेड़ी निवासी दशरथ सिंह के घर पहुंचने से कुछ ही देर पहले हुए इस हृदय विदारक हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए।
हादसा गुरुवार रात करीब 10 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम जाफरखेड़ी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, गैरतगंज से आई इस बारात में शामिल टवेरा (एमपी 15 टी 3091) में 10 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, वाहन की रफ्तार तेज थी और सड़क के आसपास घना अंधेरा था। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ा और वाहन सड़क से दूर जाकर एक सूखे तालाब में कई बार पलटते हुए जा गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और भीतर सवार राजेश लोधी, चंद्रशेखर और भाव सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गांव वालों ने संभाला मोर्चा, अस्पताल तक मची अफरा-तफरीः हादसे की खबर मिलते ही जाफरखेड़ी के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। अंधेरे के बीच ग्रामीणों ने मशक्कत कर घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकाला। घायलों में अशोक लोधी, शेख, सुदीप, ऋतिक, ऋतुराज, बृजेश और राज शामिल है, जिन्हें निजी वाहनों की मदद से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

Related Articles

Back to top button