परशुराम जन्म उत्सव पर स्लीमनाबाद में निकली भव्य सनातन बाइक रैली

संत शिरोमणि ब्रह्मानंद दास जी महाराज के सानिध्य में हुआ आयोजन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जिले के स्लीमनाबाद में सोमवार को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भव्य सनातन बाइक रैली का आयोजन किया गया। यह रैली क्षेत्रीय संत बाल ब्रह्मचारी संत शिरोमणि ब्रह्मानंद दास जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुई।रैली का उद्देश्य सनातन धर्म के प्रति जनमानस को जागरूक करना और सामाजिक एकता का संदेश देना रहा। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । पूरे नगर में “जय श्री राम” और “जय श्री परशुराम” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।बाइक रैली आस्था मैरिज गार्डन से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग, बहोरीबंद मोड़ और बाजार क्षेत्र से गुजरते हुए पूरे नगर का भ्रमण करती हुई दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, बस स्टैंड पहुंचकर संपन्न हुई।आयोजक समिति ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं, ताकि समाज में सनातन धर्म के प्रति जागरूकता बढ़े और एकता का संदेश मजबूत हो । उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।रैली के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला, जिसमें बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों की सहभागिता रही।



