मध्य प्रदेश

डंपर ने युवक को कुचला, मौके पर मौतः हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम

7 किमी तक वाहन फंसे रहे, टायर चढ़ने से हड्डियां चकनाचूर
रिपोर्टर: कमलेश अवधिया
साईंखेड़ा । नरसिंहपुर जिले में संसारखेड़ा रेत खदान के पास शनिवार शाम रेत से भरे तेज रफ्तार डंपर ने एक युवक को कुचल दिया। डंपर का टायर युवक के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी हड्डियां चकनाचूर हो गईं। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान शैलेश पिता इंदर उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। परिजन और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने स्टेट हाईवे-44 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
7 किमी तक वाहनों की कतार ग्रामीणों के प्रदर्शन के चलते स्टेट हाईवे के दोनों ओर करीब 7 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। शाम 7 बजे से शुरू हुआ जाम देर रात तक जारी रहा। रात 11:40 बजे तक परिजन और कांग्रेस जिलाध्यक्ष सड़क पर डटे रहे। प्रशासन ने बाधित ट्रैफिक को धीरे-धीरे डायवर्ट करना शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश कर रहा था।
इससे ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि रेत खदान से निकलने वाले डंपर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलते हैं, जिससे इलाके में लगातार हादसे हो रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और रेत खदान से निकलने वाले भारी वाहनों के लिए गति सीमा तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक शव नहीं हटाया जाएगा।
मौके पर साईखेड़ा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे। प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन रात में मुआवजा राशि देने में असमर्थता जताते हुए सुबह तक का समय मांगा। इसके बाद भी ग्रामीण अपनी मांगों पर डटे रहे।
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने आरोप लगाया कि रेत खदान संचालकों की अधिकारियों से सांठगांठ होने के कारण कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि प्रशासन उन्हें अंतिम संस्कार करने के लिए कह रहा है, लेकिन मांगें पूरी होने तक वे सड़क से नहीं हटेंगी।
महिलाओं ने परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि रेत खदान और धनलक्ष्मी कंपनी से मिलीभगत के कारण कार्रवाई नहीं हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि लोगों की जान लेने वाले ट्रकों पर रोक लगे और अवैध रेत खदानों को तत्काल बंद किया जाए।
धरना स्थल पर परिजनों के साथ बिस्तर बिछाकर लेटे हुए हैं जिसमें सुनीता पटेल, मंजले भैया, मनीष राय सहित अनेक सामाजिक लोग कांग्रेस जनप्रतिनिधि हैं।

Related Articles

Back to top button