वार्षिकोत्सव में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान में पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न
भोपाल। प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान में वार्षिकोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन बुधवार को उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एमएड व बीएड प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम संस्थान के संचालक डॉ. रामकुमार स्वर्णकार की विशेष उपस्थिति में आयोजित हुआ। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने एवं अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। समारोह में सामूहिक नृत्य, स्वरचित कविता पाठ, फैंसी ड्रेस, समूह गान सहित खेल प्रतियोगिताओं एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एमएड व बीएड प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विजेता प्रतिभागियों के नामों की घोषणा होते ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वार्षिकोत्सव के अंतर्गत बेतवा सदन, नर्मदा सदन, ताप्ती सदन एवं चंबल सदन के एमएड व बीएड प्रशिक्षणार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। संस्थान के गुरुजनों, निर्णायक मंडल एवं कार्यालयीन स्टाफ ने भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में संस्थान प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार की गतिविधियों के आयोजन की बात कही।



