500 फीट गहरी घाटी में गिरीं 13 भैंसें, 11 की मौत; भैंस मालिक ने लगाया धक्का देकर गिराने का आरोप

ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
सिंग्रामपुर। दमोह जिले के जबेरा थाना अंतर्गत सिंग्रामपुर चौकी क्षेत्र में मंगलवार रात दर्दनाक घटना सामने आई। तेलनघाटी मार्ग पर लगभग 500 फीट ऊंचे पहाड़ से गिरने से 13 भैंसें हादसे का शिकार हो गईं। इनमें 11 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया है।
घटना की जानकारी बुधवार सुबह उस समय लगी जब राहगीर तेलनघाटी मार्ग से गुजर रहे थे। सड़क किनारे बड़ी संख्या में भैंसों के शव पड़े देख लोगों ने तत्काल सिंग्रामपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, सिंग्रामपुर चौकी क्षेत्र के कंजई गांव निवासी द्वारका प्रसाद राय की 13 भैंसें थीं। भैंस मालिक ने आरोप लगाया है कि टेलनघाटी के आसपास कुछ किसानों की मूंग की फसल लगी हुई है और भैंसें खेतों में घुस जाती थीं। उन्हें आशंका है कि इसी बात से नाराज होकर अज्ञात लोगों ने भैंसों को पहाड़ से धक्का दिया है।
हालांकि, स्थानीय लोगों के बीच दूसरी आशंका भी जताई जा रही है कि कुछ लोग भैंसों को चोरी करने के उद्देश्य से इकट्ठा कर ले जा रहे थे और भगाने के दौरान वे घाटी में गिर गईं। जिस स्थान पर यह घटना हुई, वह तेलनघाटी का सुनसान इलाका है। यहां से पौड़ी, बमोरी और बनवार को जोड़ने वाला लिंक रोड निकलता है और रात में आवाजाही बेहद कम रहती है, जिससे किसी ने घटना होते नहीं देखी।
पुलिस ने मृत भैंसों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर प्रधान आरक्षक रामगोपाल, आरक्षक शैलेंद्र सिंह एवं डायल-112 की टीम मौजूद रही।
प्रधान आरक्षक रामगोपाल ने बताया कि कंजई निवासी द्वारका प्रसाद राय पिता रामप्रसाद राय की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में अज्ञात लोगों द्वारा 13 भैंसों को घाटी में गिराने का आरोप लगाया गया है। पहाड़ से गिरने के कारण 11 भैंसों की मौत हुई है, जबकि दो घायल हैं। मामले की जांच जारी है।



