39 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद प्राचार्य लखन लाल बागरी सेवानिवृत्त

विदाई समारोह में भावुक हुए छात्र
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंतर्वेद के प्राचार्य एवं पूर्व बीईओ लखन लाल बागरी शिक्षा विभाग में अपनी 39 वर्षों की उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए । उनके सम्मान में विद्यालय परिसर में विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भावभीनी विदाई दी ।
अपने लंबे सेवाकाल के दौरान लखन लाल बागरी ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया । उन्होंने सदैव निस्वार्थ भाव से कार्य करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की हर संभव सहायता की । उनके मार्गदर्शन और स्नेहपूर्ण व्यवहार के कारण वे विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच अत्यंत लोकप्रिय रहे।
विदाई समारोह के दौरान छात्र-छात्राएं अपने प्रिय प्राचार्य को विदा करते समय भावुक नजर आए । कई विद्यार्थियों ने उनके प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन जीवनभर प्रेरणा देता रहेगा ।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, पूर्व शिक्षक संघ के सदस्य, वर्तमान में पदस्थ शिक्षक, सरपंच अनिल सिंह बागरी, अशोक सिंह बागरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे ।
इस अवसर पर वक्ताओं ने लखन लाल बागरी के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की । समारोह के अंत में उन्हें स्मृति चिन्ह एवं शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया ।



