मध्य प्रदेश

गर्राघाट हनुमान मंदिर में विवाद, संत समिति ने डायल 112 पुलिसकर्मियों पर अभद्र व्यवहार का लगाया आरोप

पुलिस ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान ।  गर्राघाट स्थित श्री हनुमान मंदिर, शुक्ल पिपरिया में डायल-112 पुलिस की समझाइश को लेकर विवाद सामने आया है ।  रविवार को मंदिर के महंत श्री अनुरुद्धपुरी गुरु श्री जमुनापुरी एवं श्री हनुमान मंदिर गर्राघाट पिपरिया शुक्ल सेवक समिति के प्रतिनिधियों ने थाना उमरियापान पहुंचकर डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मियों के विरुद्ध लिखित शिकायत सौंपते हुए अभद्र व्यवहार एवं आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग का आरोप लगाया ।
शिकायत में बताया गया कि 3 जुलाई की सुबह लगभग 9:30 बजे डायल-112 की टीम मंदिर परिसर पहुंची, जहां मौजूद संतों एवं अन्य लोगों से कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया ।  आरोप है कि उसी दिन रात लगभग 9:30 बजे डायल-112 वाहन से माइक के माध्यम से भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे संत समाज और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं ।
*शिकायतकर्ताओं के नाम*
थाना उमरियापान में दिए गए आवेदन में प्रमुख रूप से महंत श्री अनुरुद्धपुरी गुरु, श्री जमुनापुरी तथा श्री हनुमान मंदिर गर्राघाट पिपरिया शुक्ल सेवक समिति की ओर से शिकायत प्रस्तुत की गई । आवेदन पर समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं ।
वहीं, डायल-112 पुलिसकर्मियों ने आरोपों को निराधार बताते हुए अपना पक्ष रखा है। पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई की सुबह नियमित गश्त के दौरान कुछ महिलाओं ने शिकायत की थी कि मंदिर परिसर में कुछ लोग नशा करते हैं, जिससे पूजा-अर्चना के लिए आने वाली महिलाओं को असुविधा होती है ।  शिकायत के आधार पर पुलिस टीम मंदिर पहुंची और महंत सहित उपस्थित लोगों से केवल यह अनुरोध किया कि मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार की नशाखोरी न होने दें ।
पुलिस का कहना है कि उसी रात क्षेत्र से दोबारा गुजरने के दौरान मंदिर के बाहर कई मोटरसाइकिलें खड़ी दिखाई दीं ।  इस दौरान माइक से केवल यह घोषणा की गई कि यदि भविष्य में मंदिर परिसर में नशाखोरी की शिकायत प्राप्त हुई तो वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।  पुलिस ने किसी भी प्रकार की गाली-गलौज या अभद्र व्यवहार के आरोपों से इनकार किया है ।
*जांच के बाद होगी कार्रवाई*
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम का निष्पक्ष परीक्षण किया जाएगा ।  जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।
महेंद्र जायसवाल, थाना प्रभारी, उमरियापान का कहना है कि “हनुमान मंदिर गर्राघाट से जुड़े मामले में संत एवं ग्रामीणों द्वारा थाना में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है । आवेदन में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी ।  दोनों पक्षों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों एवं घटनाक्रम का परीक्षण किया जाएगा ।  यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।

Related Articles

Back to top button