धौरेसर में दबंगई, महिला के घर का दरवाजा तोड़कर दी जान से मारने की धमकी, दो आरोपियों पर मामला दर्ज

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। उमरियापान थाना क्षेत्र के ग्राम धौरेश्वर में एक महिला के घर पर हमला कर तोड़फोड़ और धमकी देने का मामला सामने आया है । पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम धौरेश्वर निवासी ज्योति पटेल 29 वर्ष पति विनय पटेल ने उमरियापान थाने में शिकायत दर्ज कराई कि गांव के ही कैलाश कुशवाहा और कमलेश कुशवाहा (दोनों पिता सोनेलाल कुशवाहा) एक राय होकर लाठी-डंडों के साथ उसके घर के सामने पहुंचे । आरोप है कि दोनों ने महिला को अश्लील गालियां दीं और विवाद करने लगे ।
पीड़िता के अनुसार, जब उसने अपनी सुरक्षा के लिए घर का दरवाजा बंद कर लिया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कुल्हाड़ी एवं डंडों से घर के दरवाजे पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया । घटना से महिला और उसके परिजन भयभीत हो गए।
मामले की सूचना मिलने पर उमरियापान पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 324(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है ।



