मध्य प्रदेश

नगर की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, एबीवीपी ने आयोजित किया प्रतिभा सम्मान समारोह

सिलवानी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई सिलवानी द्वारा नगर के कम्युनिटी हॉल में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत रहे। मुख्य वक्ता के रूप में आरएसएस के जिला कार्यवाह राजेंद्र सिंह राजपूत उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एबीवीपी जिला संयोजक रामकांत चौहान, सिलवानी भाग संयोजक जय यादव, नगर मंत्री ओम सोनी सहित एबीवीपी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सभी अतिथियों का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर आत्मीय स्वागत किया।
अपने संबोधन में पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे स्वयं भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता रहे हैं और उनके सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत विद्यार्थी परिषद से ही हुई थी। उन्होंने कहा कि एबीवीपी केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना से कार्य करने वाला संगठन है, जो विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और समाज सेवा को भी जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित होने वाले विद्यार्थी भविष्य में समाज, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। निरंतर परिश्रम, लक्ष्य के प्रति समर्पण और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।
मुख्य वक्ता राजेंद्र सिंह राजपूत ने भी विद्यार्थियों को एबीवीपी के उद्देश्यों एवं संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए उन्हें राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्र हितों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाती रही है।
कार्यक्रम के अंत में नगर के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा नेता विभोर नायक, वरिष्ठ भाजपा नेता गिरजीस चौरसिया, सिल्लु यादव, सलीम काजी, दीपेश समैया, शरीफ भाई, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, पुनीत समैया महामंत्री लखन चंदेल, पार्षद लखन मेहरा, बाबू ठाकुर सहित बड़ी संख्या नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button