मध्य प्रदेश

शराब दुकानों में अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई, 6 लाइसेंस निलंबित, 5 दुकानों पर 7.11 लाख रुपये का जुर्माना

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। जिले में अवैध शराब बिक्री और मदिरा दुकानों के संचालन में अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 मदिरा दुकानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। वहीं 5 अन्य दुकानों पर सामान्य अनियमितताएं पाए जाने पर कुल 7 लाख 11 हजार 906 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव-गांव में अवैध शराब बिक्री और उससे युवा पीढ़ी पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मदिरा दुकानों की जांच कराई गई थी। जांच के दौरान कई दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर यह सख्त कार्रवाई की गई।
जिन मदिरा दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, उनमें हटा-सी, नरसिंहगढ़, तेंदूखेड़ा-ए, गुबरा-ए, जबेरा-ए और पथरिया-ए की दुकानें शामिल हैं। वहीं कांटी, जबेरा-ए, जबेरा-बी, गुबरा-ए तथा नरसिंहगढ़ की दुकानों में सामान्य अनियमितताएं पाए जाने पर कुल ₹7,11,906 का जुर्माना लगाया गया है।
प्रशासन द्वारा संबंधित दुकानों को सील करने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है तथा नियमानुसार सभी दुकानों को सील करने की कार्रवाई जारी है।
प्रशासन ने सभी लाइसेंसधारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा मदिरा दुकानों का संचालन केवल स्वीकृत एवं निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button