मध्य प्रदेश

प्रधानमंत्री आवास 2.0 योजना के अंतर्गत 144 हितग्राहियों को मिले स्वीकृति पत्र

सिलवानी। प्रधानमंत्री आवास 2.0 योजना के अंतर्गत नगर परिषद सिलवानी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 144 नवीन पात्र हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में शासन की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, लखन मेहरा, रागनी साहू, गुड्डू भाई तथा नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) राकेश मिश्रा ने संयुक्त रूप से हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास 2.0 योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। शासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक पक्का आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने हितग्राहियों से आवास निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राही एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वीकृति पत्र प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन एवं नगर परिषद का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button