जहां से होती है हजारों लोगों की आवाजाही, उन्हीं पुलों पर नहीं लगी रेलिंग

बारिश में बढ़ा हादसों का खतरा, तेदोनी नदी और जुनिया पुल पर सुरक्षा व्यवस्था नदारद
सिलवानी। तहसील क्षेत्र में ऐसे कई पुल और पुलियां हैं, जहां से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है, लेकिन इन पर आज तक सुरक्षा के लिए रेलिंग तक नहीं लगाई गई है। बारिश के मौसम में यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान कई बार पुलों के ऊपर पानी आ जाने के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन करते हैं। ऐसे में यदि कोई वाहन या व्यक्ति अनियंत्रित होकर बहने लगे तो रेलिंग के अभाव में दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
तेदोनी नदी पुल पर हर समय बना रहता है खतरा
उदयपुरा मार्ग पर तेदोनी नदी पर बने पुल पर आज तक रेलिंग नहीं है। पुल संकरा होने के कारण जब एक साथ दो बड़े वाहन गुजरते हैं तो दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों की जान जोखिम में बनी रहती है।
जुनिया पुल की हालत भी चिंताजनक
इसी मार्ग पर तहसील मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर स्थित जुनिया पुल की स्थिति भी खस्ताहाल है। पुल पर रेलिंग नहीं होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को बेहद सावधानी से निकलना पड़ता है। वर्षों पुराने इस पुल की जर्जर स्थिति लोगों की चिंता बढ़ा रही है।
जरा सी चूक बन सकती है बड़े हादसे की वजह
तेदोनी नदी पुल और जुनिया पुल से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में वाहन चालकों की जरा सी लापरवाही या बारिश के दौरान फिसलन की स्थिति किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलों पर सुरक्षा रेलिंग का अभाव और उनकी जर्जर हालत लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने की सुरक्षा व्यवस्था की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से दोनों पुलों पर शीघ्र सुरक्षा रेलिंग लगाने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।



