चाय की चुस्की हुई महंगी, 5 रुपये वाली चाय अब 7 से 10 रुपये में

सिलवानी। अब एक कप चाय पीना भी लोगों की जेब पर भारी पड़ने लगा है। नगर में कल तक 5 रुपये में मिलने वाली चाय अब 7 से 10 रुपये में बिक रही है। चाय विक्रेताओं ने दूध, शक्कर, चायपत्ती, गैस सिलेंडर और डिस्पोजल कप की बढ़ती कीमतों को इसका प्रमुख कारण बताया है।
जानकारी के अनुसार, नगर में 65 एमएल डिस्पोजल कप में मिलने वाली चाय की कीमत अधिकांश दुकानों पर बढ़ा दी गई है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत के कारण पुराने दाम पर चाय बेचना संभव नहीं रह गया है।
चाय विक्रेताओं के अनुसार, केवल शक्कर ही नहीं बल्कि दूध, चायपत्ती, व्यावसायिक गैस सिलेंडर और डिस्पोजल कप की कीमतों में भी लगातार वृद्धि हुई है। वर्तमान में दूध 65 से 70 रुपये प्रति लीटर, चायपत्ती कम से कम 350 रुपये प्रति किलोग्राम तथा व्यावसायिक गैस सिलेंडर करीब 3,000 रुपये में मिल रहा है। वहीं, डिस्पोजल कप का पैकेट, जो पहले 12 से 15 रुपये में उपलब्ध था, अब 17 से 18 रुपये तक पहुंच गया है।
व्यापारियों का कहना है कि बढ़ती लागत का सीधा असर चाय की कीमत पर पड़ा है। वहीं, आम उपभोक्ताओं का कहना है कि रोजमर्रा की सबसे सामान्य और सुलभ मानी जाने वाली चाय भी अब महंगाई की मार से अछूती नहीं रही है।



