पुलिस चौकी जैथारी की बड़ी कार्रवाई: 340 क्वार्टर अवैध शराब व मोटरसाइकिल जब्त, आरोपी जेल भेजा

सिलवानी । पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक एवं एसडीओपी सिलवानी कुंवर सिंह मुकाती के मार्गदर्शन में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चौकी जैथारी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 42 हजार रुपये मूल्य की 340 क्वार्टर देशी मसाला शराब तथा लगभग 40 हजार रुपये कीमत की बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी सिलवानी निरीक्षक संजीत परते एवं चौकी प्रभारी जैथारी उपनिरीक्षक सुनील भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर बोरियों में अवैध शराब लेकर ग्राम घोघरी से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बृजेश यादव पिता शम्भुदयाल यादव (32 वर्ष), निवासी ग्राम बिछुआ, चौकी जैथारी, थाना सिलवानी बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो बोरियों में रखी 340 क्वार्टर देशी मसाला मदिरा, जिसकी कीमत लगभग 42 हजार रुपये है, तथा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 272/26 के तहत धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की तथा आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक संजीत परते, उपनिरीक्षक सुनील भदौरिया, सहायक उपनिरीक्षक परशराम सल्लाम, प्रधान आरक्षक प्रेम सिंह राजपूत, आरक्षक सोहरत, आरक्षक विक्रम सिंह तथा डायल-112 के चालक आरिफ की उल्लेखनीय भूमिका रही।



